लोकसभा चुनाव में सपा के मुस्लिम वोट काटेगी बसपा

बसपा के नेता अब समाजवादी पार्टी को मुस्लिम विरोधी करार देने लगे हैं। बसपा का कहना है कि सपा मुस्लिमों को इस्तेमाल करती है। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।
सिद्दीकी ने कहा कि कानून व्यवस्था पर यह सरकार विफल रहेगी इसका अनुमान पहले ही लगाया जा रहा था और इसने साबित भी कर दिया। श्री सिद्दीकी ने कहा कि सपा सरकार के आठ माह के शासन में 14 दंगे हो चुके है जिसने सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। प्रदेश की स्थिति यह है कि यहां आये दिन लूट, हत्या, बलात्कार जैसे संगीन वारदातें हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। श्री सिद्दकी ने कहा कि सपा सरकार मुस्लिमों की हितैशी नहीं है यह इसी से जाहिर है कि चुनावी घोषणा पत्र में सपा ने मुसलमानों को 18.6 प्रतिशत आरक्षण और किसानों को कर्ज माफी का वायदा किया था लेकिन अब चुप्पी साधे हुए हैं।
बसपा नेता के निशाने पर सपा के अलावा अन्य दल भी रहे। उन्होंने कहा कि अन्य दल के वल वोटों के लिए मुसलमानों का इस्तेमाल करते है जबकि बसपा मुस्लिमों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आठ माह में विकास का कोई काम नहीं हुआ। किसानों को बिजली, खाद व पानी नहीं मिल पा रहा है। यहां तक की किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम तक नहीं मिल पा रहा है। किसानों के साथ सौतेला व्यवहार करने वाली यह पार्टी खुद को किसानों को हितैषी बताती है।












Click it and Unblock the Notifications