सपा बढ़ा रही है आतंकवादियों के हौसले: भाजपा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि मुकदमा वापसी की सरकार की कार्यवाही आतंकवादियों के हौसले बढ़ायेगी और इससे राष्ट्र की सुरक्षा पर खतरा पैदा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने वोट बैंक के लिये मुसलमानों को खुश करने के लिए देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। मालूम हो कि प्रदेश के फैजाबाद, लखनऊ, वाराणसी कचहरी और गोरखपुर में 29 नवम्बर 2007 को हुये विस्फोट में 15 लोगों की जान गई थी तथा 30 से अधिक लोग घायल हुये थे।
सिलसिलेवार हुए विस्फोट से पूरा यूपी दहल गया था। भाजपा ने इसे आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली कार्यवाही बताया और कहा कि वह इसका खुलकर विरोध करेगी। भाजपा ने सवाल उठाया है कि बम विस्फोट में जिनकी जान गयी है उनके अपराधियों के खिलाफ मुकदमें वापस लेना क्या अदालती कार्रवाई में हस्तक्षेप नहीं हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार अपने पत्र में आरोपी आतंकवादियों को पहले ही निर्दोष मान लिया है। सपा आतंकवादियों को सब्सिडी दे रही है और आम जनों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है। श्री वाजपेयी ने कहा कि विधानमंडल के मानसून सत्र में सरकार ने समीक्षा कर निर्दोष पाये जाने पर ही मुकदमा वापस लेने की बात कही थी लेकिन बिना समीक्षा के सरकार ने मुकदमें वापस ले लिये हैं।
भाजपा नेता ने कहा सरकार के इस फैसले से सबूत जुटाकर आरोप पत्र तैयार करने वाले पुलिस अधिकारियों के मनोबल पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने इसे राष्ट्र विरोध कार्रवाई बतायी और कहा कि भाजपा इसका कड़ा विरोध करेगी।












Click it and Unblock the Notifications