केजरीवाल के सपने को साकार करने आगे बढ़ी युवा शक्ति
नई दिल्ली। अन्ना हजारे को दिल में लेकर संसद का रास्ता अख्तियार करने वाले अरविंद केजरीवाल के सपने को साकार करने के लिये देश के युवाओं ने कदम बढ़ा दिये हैं। युवाओं की इस नई शुरुआत का शुभारंभ दिल्ली से 25 सितंबर को होने जा रहा है।
दिल्ली के दरयागंज के सुभाष भार्गव मार्ग पर स्थित 25 सितंबर को दिल्ली मेडिकल हॉल मे इंडिया अगेंस्ट करप्शन के तत्वावधान में दिल्ली छात्र-युवा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में केजरीवाल की नई पार्टी के गठन में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की जायेगी।

चर्चा का विषय है- राजनैतिक क्रांति में छात्रों-युवाओं की भूमिका। इस सम्मेलन में टीम केजरीवाल के प्रमुख सदस्य गोपाल दास युवाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही प्रत्येक युवा से पूछा जायेगा कि वो कैसा संसद चाहते हैं, ताकि केजरीवाल अपनी पार्टी के लिये गाइडलाइंस तैयार कर सकें।
इस सम्मेलन के लिये जारी की गई हेल्पलाइन नंबर पर जब वनइंडिया ने कॉल किया तो अभियान की सदस्या सरिता ने बताया कि केजरीवाल की पार्टी के गठन का कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिये गोपाल राय एक-एक कर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और वहां विशेष तौर पर युवाओं से मुलाकात कर रहे हैं।
फेसबुक के माध्यम से जोड़ रहे हैं युवाओं को
अन्ना हजारे को दिल में लेकर आगे बढ़ रहे इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने फेसबुक के माध्यम से इस अभियान को तेज़ कर दिया है। सरिता के मुताबिक दिल्ली के बाद बेंगलूरु, मुंबई, कोलकाता से लेकर लखनऊ, कानपुर तक हर शहर में इस प्रकार की बैठकें होंगी और वो भी तेज़ गति से क्योंकि अब ज्यादा समय नहीं रह गया है।
देश के युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिये कवायद तेज कर दी गई है। इस अभियान के माध्यम से आगे की रणनीति तय की जायेगी यही नहीं इस सवाल का भी उत्तर खोजा जायेगा कि संसद में युवाओं की क्या भूमिका हो सकती है।
देश को एक नई पार्टी देने के लिये इंडिया अगेंस्ट करप्शन के इस अभियान में वनइंडिया उनके साथ है। हमें उम्मीद है कि यह युवा शक्ति लोकसभा चुनाव 2014 में नई सोच लेकर मैदान में उतरेगी। हमारी ओर से केजरीवाल को ढेर सारी शुभकामनायें।












Click it and Unblock the Notifications