15 अक्टूबर को होगा लखनऊ विश्वविद्यालय का छात्रसंघ चुनाव

इसे लेकर पिछले हफ्ते चुनाव की उप समिति की बैठक भी हुई थी, जिसमें 18 से 20 अक्टूबर के बीच चुनाव कराने पर सहमति बनी थी, लेकिन इन तिथियों पर जिला प्रशासन ने अपनी सहमति नहीं दी। विश्वविद्यालय प्रशासन के एक अधिकारी के मुताबिक जिला प्रशासन 12 अक्टूबर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कार्यक्रम से पहले ही चुनाव करा लेना चाहता था। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जो तिथियां दी गई थीं, वह दशहरा के नजदीक थीं। त्योहारों की वजह से जिला प्रशासन ने उक्त तिथियों पर सहमति नहीं दी।
अधिकारी ने बताया कि उप समिति की दोबारा हुई बैठक में तमाम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया और तिथि के बारे में अंतिम निर्णय लिया गया। छात्र संघ चुनाव के पीठासीन अधिकारी एनके पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव की नई तिथि 15 अक्टूबर तय की है। इस तिथि तक सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इसे जिला प्रशासन की सहमति के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications