देवगौडा ने भी दी समर्थन वापसी की धमकी
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के बाद अब पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) के अध्यक्ष एचडी देवगौडा ने भी संप्रग सरकार को चेतावनी दी है कि अगर रिटेल में विदेशी निवेश को लागू किया गया, तो वह समर्थन नहीं देंगे। देवगौडा ने कहा कि डीजल की कीमत बढ़ाकर सरकार किसानों के जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।
उन्होंने सरकार की नितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंडस्ट्री को 1 लाख करोड़ की सब्सिडी दी गई है, तो किसानों को सब्सिडी देने से सरकार क्यों कतरा रही है। यूपीए का विरोध करते हुए देवगौडा ने यह भी साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी भाजपा का भी समर्थन नहीं करेगी। आपको बता दे कि जनता दल सेक्यूलर (जेडीएस) के पास 3 सांसद है।
गौरतलब है कि इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और यूपीए की अहम सहयोगी ममता बनर्जी ने अपना समर्थन वापस लेने का ऐलान कर दिया था। मीडिया वार्ता के द्वारा ममता ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस के 6 मंत्री इस्तीफा देंगे। ममता के इस फैसले ने राजनीतिक भूचाल ला दिया था। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि यूपीए सरकार अल्पमत में आ जाएगी। ममता ने साफ-साफ ऐलान कर दिया था कि अब उनकी पार्टी यूपीए में नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा था कि शुक्रवार को पार्टी के कोटे से केंद्र के मंत्री इस्तीफा देंगे। ममता ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि यूपीए ने कभी टीएमसी का सम्मान नहीं किया। सरकार ने हमेशा बंगाल के नेताओं को अपशब्द कहा है। इससे पहले ममता बनर्जी ने सरकार को 72 घंटे का समय दिया था। मंगलवार को समय सीमा खत्म हो गई और उन्होंने अपना फैसला सुना दिया।












Click it and Unblock the Notifications