चार साल बाद फिर भारत-चीन एक साथ करेंगे युद्ध अभ्यास

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 90 मिनट चली इस वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने उच्च स्तरीय आधिकारिक आदान-प्रदान, एक-दूसरे के यहां सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहयोग पर सहमति जताई। मालूम हो कि दोनों देशों के बीच वर्ष 2007 में संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू हुआ था मगर वीजा मसले को लेकर दोनों देशों के बीच कुछ कूटनीतिक विवाद पैदा हो गये थे और वर्ष 2010 में इस पर विराम लग गया था। और इसबार दोनों रक्षा मंत्रियों ने व्यापक विश्वास निर्माण के उपायों और अपनी सेनाओं के बीच संवेदनशील सीमावर्ती इलाकों में समन्वयन पर जोर दिया, जहां चीन ने अपने सीमांत इलाकों में विशाल अधोसंरचना खड़ी कर रखी है।
चीन के रक्षा मंत्री जनरल लियांग गुआंगली ने अपने ट्रांसलेटर के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, "हम रणनीतिक मुद्दों और मित्रवत सम्बंधों में सहयोग के लिए महत्वपूर्ण सहमति पर पहुंचे हैं, जिसमें हमारे सशस्त्र बलों के बीच सहयोग भी शामिल है।" लियांग ने कहा कि दोनों पक्ष अपनी सेनाओं के बीच आदान-प्रदान पर भी सहमत हुए हैं, जिसमें उच्चस्तरीय दौरे भी शामिल हैं। एंटनी ने कहा, "हमने दक्षिण एशिया, एशिया-प्रशांत क्षेत्र के हालात के बारे में व्यापक चर्चा की और हमने ढेर सारे मुद्दों पर चर्चा की है। हमारे बीच सभी मुद्दों पर बहुत ही स्पष्ट और दिली बातचीत हुई है.. सीमावर्ती इलाकों पर भी।"


Click it and Unblock the Notifications
