गणेश पूजा में खून की होली खेलने वाला था लश्कर

कर्नाटक पुलिसे के सूत्रों के मुताबिक पकड़े गये लश्कर के आतंकी ओबेदुल्ला उर रहमान ने पूछताछ में बताया कि उसने 11 साथियों के साथ मिलकर यह प्लान बनाया था। यह प्लान खास गणेश चतुर्थी पर खून की होली खेलने के लिये इस लिये बनाया गया था, क्योंकि आम तौर पर ऐसे मौकों पर पुलिस बैंगलोर, मुंबई, जैसे बड़े शहरों पर ज्यादा नजर रखती है। हुबली में इस वारदात को अंजाम देने में आसानी होगी, इसीलिये इस शहर को चुना था। हम आपको बता दें कि गणेश महोत्सव में हुबली में हर साल लाखों लोग एकत्र होते हैं।
आतंकियों ने एक नहीं बल्कि कई धमाके करने का प्लान बनाया था, जिसके लिये दो कारें व पांच मोटरसाइकिलें भी चोरी की गई थीं। प्लानिंग के तहत भीड़ के बीच में या तो कार खड़ी करके उसमें बम रखा जाता, या फिर कोई आत्मघाती आतंकी बम से लैस कार को भीड़ के बीच ले जाता।
बैंगलोर पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन को फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा है। जांच टीमें पाकिस्तान में बैठे सरगनाओं का पता लगाने की कोशिश कर रही है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पत्रकार मुथी उर रहमान सिद्दीकी और डीआरडीओ का जूनियर रिसर्च फेलो एजाज अहमद मिर्जा शामिल है।
पुलिस ने 11 आतंकियों के पास से विदेशी 7.65 एमएम पिस्तौल, सात कारतूस, आठ सिम कार्ड, 16 मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप, तीन पेन ड्राइव, एक मोटरसाइकल, सात जिहादी पुस्तकें, एक छुरा, चेन्नई, भारत, ईरान के नक्शे और उर्दू अखबार की कटिंग्स जब्त की हैं। इन 11 लोगों को एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications