भाजपा को करारा जवाब देने के लिए सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

दूसरी तरफ भाजपा ने भी कहा है कि वह रैलियां करके कोयला घोटाले पर कांग्रेस को बेनकाब करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि विपक्ष द्वारा संसद की कार्यवाही न चलने देना शर्मनाक और गैरजिम्मेदाराना है। संसद की कार्यवाही न चलने देना भाजपा का दैनिक काम हो गया है। भाजपा के मन में लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए कोई सम्मान नहीं है।
संसद में गतिरोध खत्म करने के लिए भाजपा नेता सुषमा स्वराज स्पीकर मीरा कुमार से मिली। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने सोनिया गांधी से भी मुलाकात की। मंगलवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के सांसदों को भाजपा सांसदों के खिलाफ कड़ा तेवर अपनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आप भाजपा को उन्हीं की भाषा में जवाब दें।
सोनिया गांधी ने इस लड़ाई को संसद से सड़क तक ले जाने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस अब सड़क पर जाकर लोगों को इस बारे में बताएगी। वहीं भाजपा ने संसदीय दल की बैठक कर कहा है कि कोयला आवंटन घोटाले पर पीएम मनमोहन सिंह के इस्तीफे से कम पर हम नहीं मानेंगे। भाजपा ने इस मुद्दे पर हर शहर में रैली को कहा है। कांग्रेस का जवाब देने के लिए भाजपा ने भी आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications