मैं राजनीति में नहीं आऊंगा पर जनता को राजनीतिक विकल्प देना जरूरी: अन्ना

अन्ना ने कहा कि अगर हम राजनीति में आ भी जायें, तो भी लोकपाल बिल पास करने के लिये 40 फीसदी समर्थन चाहिये होगा, और ऐसे भ्रष्ट नेताओं के बीच इतनी मात्रा में समर्थन मिलन मुश्किल है। ऐसे में राजनीति में आने का विकल्प भी बेकार साबित होगा। अन्ना ने कहा कि मेरे सामने सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि अगर हम राजनीति का विकल्प चुन भी लें, तो क्या जनता ऐसे लोगों की खोज कर पायेगी, जिनके अंदर राष्ट्र प्रेम हो, जिनके अंदर देश के लिये सेवा भावना हो, जो पैसा कमाने के बजाये देश की सेवा करे। इसलिये जनता अगर चाहती है कि हम राजनीति में आयें तो इसके लिये जनता को ऐसे लोगों को चुनना पड़ेगा, जो संसद के अंदर जाकर सशक्त लोकपाल बिल का समर्थन कर सकें।
जनता को संबोधित करते हुए अन्ना ने कहा कि मैं संसद के अंदर नहीं जाउंगा, लेकिन मैं पार्टी बनाने के विकल्प के बारे में सोच सकता हूं। देश के लिये अच्छे नेता का चुनाव करूंगा। पार्टी बनेगी तो उसके लिये अच्छे लोगों को चुनना होगा और अगर मैं अंदर चला गया तो कुछ नहीं हो पाएगा। मैं बाहर रहकर उन लोगों को पार्टी में लाउंगा जो भ्रष्ट नहीं हैं, जिनके अंदर देश प्रेम भरा है। ऐसे लोगों को खोजना होगा, जो देश सेवा से काम करेंगे, देश को बदलने के बारे में सोचेंगे। यह सब आसान नहीं है, इसके लिये बड़ी प्लानिंग की जरूरत है।
अन्ना ने कहा कि बड़ी पार्टी के लिए ढेर सारे पैसे की जरूरत पड़ेगी। अन्ना ने दोनों पक्षों को रखते हुए कहा कि अगर हमने अच्छे लोगों को चुन कर संसद में भेज भी दिया और वहां जाकर उनकी बुद्धि पलट गई, तो क्या करेंगे। जब तक लोकसभा में अच्छे चरित्र वाले लोग नहीं जायेंगे, तब तक देश की हालत ऐसी ही रहेगी । अन्ना ने कहा कि आप लोग कह रहे हैं कि विकल्प तो देना ही पड़ेगा। आप हमारे लिये जंतर-मंतर पर आ रहे हैं। मेरा यह कहना है कि जो वातावरण जंतर-मंतर पर है, वैसा वातावरण पूरे देश में बनाना होगा। इसी बात के लिये हमें सोचना है। प्रश्न यह उठता है कि अगर हमें अच्छा विकल्प देना है, तो हमारे देश में जो ग्राम सभा से लेकर लोक सभा तक सभी को संकल्प लेना होगा कि हम किसी से रिश्वत नहीं लेंगे। और उसी को वोट देंगे, जो रिश्वत नहीं लेते।
मालूम हो कि इससे पहले देश के 23 जाने माने लोगों ने खत लिखकर अन्ना हजारे से निवेदन किया था कि वो अनशन तोड़कर एक पॉलिटिकल प्लेटफॉर्म बनायें। टीम अन्ना को खत लिखने वालों में पूर्व जनरल वीके सिंह, पूर्व चीफ जस्टिस वीआर कृष्ण अय्यर, पूर्व नौसेना प्रमुख राम तहलियानी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त जेएम लिंगदोह, प्रख्यात पत्रकार कुलदीप नैयर और अनुपम खेर आदि शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications