भतीजे ने चाची को फावड़े से काट डाला

काकोरी के हरदोईया गांव निवासी किसान संदीप का गांव में ही खेत है। संदीप के खेत से सटा हुआ उसकी चाची 50 वर्षीय शांति देवी का खेत है। शांति देवी के खेत में बनी अस्थायी नाली संदीप के खेत तक जाती है। शुक्रवार को किसी बात के चलते शांति देवी और उसकी बेटी प्रियंका ने खेत की अस्थायी नाली को तोड़ दिया। शांति का कहना था कि संदीप ने नाली को उनके खेत की ओर बढ़ा दिया था जिससे उनके खेत का क्षेत्रफल कम हो गया।
शनिवार की सुबह जब संदीप खेत पहुंचा तो उसको नाली टूटी मिली। संदीप पानी के लिए खेत की नाली सही करने लगा। इस बीच शांति देवी और उसकी बेटी प्रियंका भी खेत पहुंच गये। संदीप को नाली बनाता देख शांति देवी और उसकी बेटी प्रियंका ने संदीप को मना किया। बस इसी बात को लेकर संदीप और शांति देवी के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप ने पास में रखा फावड़ा उठा और बुजुर्ग चाची के सिर पर वार कर दिया।
सिर पर फावड़े के वार से लहुलुहान शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गयी। मां पर हमला होते ही प्रियंका ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े तो आरोपी संदीप मौके से भाग खड़ा हुआ। सूचना पाकर मौके पर एसओ काकोरी और सीओ मलिहाबाद भी पहुंच गये। छानबीन के बाद पुलिस ने शांति देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस को हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी मिला है। पुलिस हत्यारोपी संदीप की तलाश की रही है।












Click it and Unblock the Notifications