दिग्विजय की अपील रामदेव के खिलाफ न करें हिंसक प्रदर्शन

सिंह ने एक बयान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, बाबा रामदेव के खिलाफ अपने प्रदर्शनों में न तो हिंसक तरीका अपनाएं और न ही कोई ऐसा आंदोलन करें, जो हिंसक हो। उन्होंने उनके एवं उनके परिवार के प्रति बाबा रामदेव की अनिष्टकारी टिप्पणी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रकट भावनाओं के लिए सबके प्रति आभार प्रकट किया।
उन्होंने आरोप लगाया, बाबा रामदेव दवाइयों के व्यवसायी और एक ठग हैं। उन्होंने जिस भावना और शब्दों में मेरे एवं मेरे परिवार के प्रति टिप्पणी की है, उन जैसे व्यक्ति से यही उम्मीद थी। कांग्रेस महासचिव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि हम समाज में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन के माध्यम से इस नौटंकीबाज बाबा के काले कारनामों को उजागर करेंगे।
मालूम हो कि भोपाल में योगगुरु बाबा रामदेव ने भी दिग्विजय सिंह पर हमला बोला था और कहा था कि यूपी में कांग्रेस की लुटिया अपने राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह के बयानों के कारण डूबी है। उन्होंने कहा कि उनकी हरकतों से अभी भी व्यक्तिगत तथा कांग्रेस परिवार को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वे बीते एक वर्ष से उन्होंने दिग्विजय सिंह का नाम तक नहीं लिया है। जहां तक रायपुर के बयान की बात है तो उसे गलत तरीके से पेश किया गया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने दिग्विजय को कैंसर होने की बात कभी नहीं कही। मैं साधु संत हूं और मुझे मर्यादा का ध्यान है। दिग्विजय को यह सलाह दी थी कि वह परिवार की खुशहाली के लिए ऐसी हरकत न करें। यह करुणा में कहा था कोई शाप नहीं दिया था। दिग्विजय ने उनके खिलाफ फूहड़ टिप्पणी की है। उन्हें ठग कहा है और पत्थर बांधकर समुद्र में फेंकने तक की बात कही। उसके बाद भी उन्होंने दिग्विजय के खिलाफ कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि दिग्विजय को अपने बयानों की बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है। कांग्रेस ने उनसे उत्तर प्रदेश और असम का प्रभार छीन लिया है।












Click it and Unblock the Notifications