'यूपी की खराब कानून व्यवस्था के लिए अखिलेश जिम्मेदार'

राष्ट्रपति पद के लिये हो रहे चुनाव में वोट देने आयीं उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं लिहाजा उन्हें अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण रखना चाहिये। राज्य के लोगों को लगे कि कोई सरकार नाम की चीज भी है।
सुश्री भारती के अनुसार सपा कार्यकर्ता बेलगाम हो रहे हैं जिससे भी कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने बड़े विश्वास के साथ सपा को सत्ता सौंपी थी लेकिन सपा का शासन शुरू होते ही लोगों का वास्तविकता का अंदाजा हो गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लोगों के उस विश्वास को कायम रखना चाहिए जिसकी वजह से उन्हें प्रदेश की सत्ता नसीब हुई। खराब कानून व्यवस्था का असर पूरे राज्य पर हो रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के लम्बे चले सत्र में लगातार अनुपस्थित रहीं सुश्री भारती ने कहा कि वह अपने गंगा बचाओ अभियान में व्यस्त थीं।
वह चाहती थीं कि सत्र में हिस्सा लें लेकिन यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा वह वचन देती हैं कि विधानसभा के अगले सत्र में वह पूरी तरह से हिस्सा लेंगी। गौरतलब है कि सुश्री उमा भारती बुंदेलखंड के चरखारी से विधायक हैं लेकिन विधानसभा के लम्बे चले सत्र में उनकी अनुपस्थिति लगातार चर्चा में रही।
राष्ट्रपति पद के लिये हो रहे चुनाव के बारे में आये सवाल पर भी उन्होंने जवाब देने में सतर्कता बरती और कहा कि ऐसे चुनाव पार्टी लाईन पर नहीं बल्कि सर्वसम्मति से होने चाहिये लेकिन ऐसा नहीं हो सका।












Click it and Unblock the Notifications