मानसूनी बारिश से सराबोर हुई दिल्ली

दिल्ली व एनसीआर के लोगों को मानसून पूर्व बारिश ने शुक्रवार को सराबोर कर दिया। सुबह हल्की बारिश के बाद शाम को तेज हवा के साथ अचानक घने बादल घिर आए। इसके कुछ देर बाद ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। जहां बारिश से लोगों को राहत मिली तो सड़कों पर लंबा जाम भी लगा। हालांकि महज एक घंटे की बारिश से दर्जनों जगहों पर जलभराव हुआ और जगह-जगह भयंकर जाम लग गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई जगहों पर लगा है जाम
तेज बारिश से राजधानी के कई इलाकों में जाम लग गया है। कल भी आईटीओ, आउटर रिंग रोड सहित कई मुख्य सड़कों पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन और जीटीके डिपो के बीच, शांतिवन क्रासिंग, निगम बोध घाट, पुलिस मुख्यालय के निकास द्वार, बर्फखाना चौक, रूप नगर, आजाद मार्केट, निजामुद्दीन, आईटीओ रिंग रोड, जखीरा रेलवे पुल, किशनगंज रेलवे अंडर ब्रिज, विकास मार्ग, शाहदरा सहित दर्जनों इलाकों में जलभराव हुआ। बारिश की वजह से कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, धौलाकुआं, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, महरौली बदरपुर रोड पर एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बारिश से मेट्रो सेवा भी प्रभावित हुई। बारिश से वैशाली से आनंदविहार स्टेशन के बीच मेट्रो रेल भी प्रभावित रही।
कई इलाके अंधेरे में
तेज बारिश के कारण शुक्रवार की रात कई इलाके अंधेरे में डूब गए। सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के कारण गर्मी से राहत के साथ ही बिजली की मांग गिरने का सिलसिला शुरू हुआ। बृहस्पतिवार को बिजली की मांग सबसे ऊंचे स्तर 5642 मेगावाट तक पहुंच गई थी, लेकिन शुक्रवार दोपहर अधिकतम मांग 5236 मेगावाट ही रही और शाम को हुई बारिश और आंधी के कारण मांग काफी गिर गई। वहीं कई इलाकों में बिजली गुल होने से शाम को अधिकतम मांग मात्र 2322 मेगावाट ही रिकार्ड की गई। शाम को जैसे ही तेज बारिश शुरू हुई, कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिजली कंपनियों का कहना है कि कुछ निचले इलाकों, जहां पानी भरने का खतरा रहता है और वहां ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं तो बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। वहीं जिन इलाकों में तारों के ऊपर पुराने पेड़ हैं, वहां भी सप्लाई बंद की गई। उत्तरी दिल्ली के लगभग हर इलाके में 15 मिनट से 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।












Click it and Unblock the Notifications