आईएमए डॉक्टरों की हड़ताल ने ली बच्चे की जान

पानीपत के राजनगर निवासी अनिल के डेढ़ माह के बेटे की रविवार की रात को उल्टी दस्त से तबियत खराब हो गई थी। वह सुबह उसे प्रेम सिंगला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों की हड़ताल के चलते उसे सिविल अस्पताल भेज दिया गया। यहां आपातकालीन विभाग में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
वहीं सिरसा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने आज शहर के सभी अस्पताल बंद रखे और उपायुक्त, सिविल सर्जन, सांसद व स्थानीय मंत्री को ज्ञापन दिया। यह जानकारी देते हुए एसोसिएशन के सचिव डा. महीप बंसल ने बताया कि आज स्थानीय आईएमए हाउस में एसोसिएशन के सभी सदस्य एकत्रित हुए जहां प्रदेश अध्यक्ष डा. प्रवीण अरोड़ा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए आज की हड़ताल के कारणों पर विस्तारपूवर्क चर्चा की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में गरीब लोगों पर इलाज के लिए बोझ डालने की तैयारी की जा रही है तथा चिकित्सा जगत को नियंत्रित करनेवाली संस्थाओं पर एक कमीशन बिठाकर इन संस्थाओं के साथ मनमानी करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्टैबलिसमेंट कानून के तहत छोटे अस्पालों अर्थात एकाध कमरे में एक डाक्टर द्वारा की जा रही प्रेक्टिस पर अतिरिक्त भार डाला जा रहा है। इस प्रकार के छोटे अस्पतालों को पूरे मानक रखने पडेंगे जो कि काफी महंगा होगा और उसका सीधा असर इलाज कराने वाले गरीब लोगों पर पड़ेगा।
डा. अरोड़ा ने कहा कि इसी प्रकार मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया सहित दंत व फार्मेसी को नियंत्रित करने वाली संस्थाओं पर एक कमीशन बिठाकर इसके सदस्य मनोनीत किए जा रहे हैं जबकि इन संस्थाओं में चुने हुए प्रतिनिधि होने चाहिए और यह संस्था स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहिए। इस बैठक के बाद सभी डाक्टर उपायुक्त कार्यालय पहुंचें जहां उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन दिया।
इसी प्रकार डाक्टरों ने ज्ञापन की प्रति सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर के आवास पर दी और स्थानीय विधायक व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा के कार्यालय में भी डाक्टरों ने ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर डा. आरएस सांगवान, डा. एलसी अग्रवाल, आईएमए के प्रधान डा. राजेंद्र सरां, डा. वाई के चौधरी, डा. कर्ण सिंह, डा. जी के अग्रवाल, डा. एमएम तलवाड, आईएमए के आगामी वर्ष के प्रधान डा. वीरेश भूषण, डा. अशोक बिश्रोई, डा. अंकुश मेहता सहित अनेक चिकित्सक मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications