ममता ने कांग्रेस को ललकारा, कहा धमकियों से नहीं डरती

मुलायम सिंह यादव से मुलाकात से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि वह कांग्रेस की धमकी से नहीं डरती हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया है। एपीजे अब्दुल कलाम के बारे में बोलते हुए ममता ने कहा कि वह हमारे कंडिडेट है और उनके नाम पर पूरा देश सहमत है। ममता ने कहा कि वह हर परस्िथति से लड़ने को तैयार हैं और अब जो कुछ भी होगा देख लिया जायेगा मगर कांग्रेस की तरफ वापस लौटने का सवाल ही नहीं बनता। ममता इस समय मुलायम सिह के आवास पर है और बातचीत चल रही है।
समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने यूपीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पर मचे बवाल पर कहा है कि सपा इसमें अपने हिसाब से चलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए कांग्रेस की अप्रोच ही सही नहीं थी। कांग्रेस ने ऐसे दलों से संपर्क साधा जिनके पास दो और तीन एमपी हैं लेकिन बड़ी पार्टियों को नजरअंदाज किया। उनसे संपर्क भी नहीं किया गया। ऐसे में हमारा आहत होना स्वाभाविक है।
कांग्रेस और उसकी अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल चुकीं तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी अब अपने अगले वार की तैयारी में जुट गई हैं। सूत्रों के मुताबिक ममता ने साफ कर दिया है कि वो प्रणब मुखर्जी को राष्ट्रपति बनाने के लिए किसी कीमत पर तैयार नहीं होगी, भले ही इसके लिए उन्हें यूपीए को छोड़ना पड़े।
अभी-अभी यह खबर आ रही है कि ममता बनर्जी आज शाम लगभग 6 बजे एक बार फिर मुलायम सिंह से मुलाकात करने जायेगी। ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर चल रहे विवाद का कोई हल निकल सकता है।
सूत्रों की मानें तो मुलायम सिंह कांग्रेस से बात करने को तैयार हो गये हैं। वहीं यह भी खबर आ रही है कि मुलायम सिंह ने यह घोषणा किया है कि वह एनडीए के साथ नहीं जायेंगे। वहीं दूसरी तरफ जयलललिता और आड़वाणी ने मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद से चर्चा का बाजार गरम है।
शाम पांच बजे सोनिया गांधी से मिलेंगे शरद पवार
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी को लेकर सोनिया गांधी और ममता बनर्जी आर पार की लड़ाई के मूड में आ गई हैं। कल ममता ने सोनिया के सुझाए दो नाम सार्वजनिक कर उन्हें खारिज कर दिया तो आज सोनिया की ओर से कांग्रेस ने ममता-मुलायम के सुझाए तीनों नाम खारिज कर दिए। कांग्रेस ने जहां ममता पर राजनीतिक मर्यादा तोड़ने का आरोप मढ़ा, वहीं अब पार्टी मुलायम और ममता का गठजोड़ तोड़ने में जुट गई है। पार्टी की कोशिश मुलायम को अपने पाले में कर ममता बनर्जी को अलग-थलग करने की है।
कांग्रेस के महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने ममता बनर्जी पर मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए ममता और मुलायम द्वारा सुझाए गए तीनों नाम खारिज कर दिए।
अभी-अभी यह भी खबर आ रही है कि मुलायम सिंह कांग्रेस के बड़े नेताओं से संपर्क में हैं और हो सकता है वो कांग्रेस नेताओं के साथ एक बैठक करें।
सूत्रों की मानें तो मुलायम सिंह आज शाम सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि ममता और मुलायम के बीच अपासी समझ के चलते यह दरार आई है। ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि राष्ट्रपति चुनाव अब एक नया मोड़ लेता नजर आ रहा है।
खबर आ रही है कि ममता बनर्जी और मुलायम सिंह यादव में दरार पड़ गई है। यह निश्चित तौर पर एक बड़ी सियासी हलचल है क्योंकि 24 घंटे पहले ही ममता और मुलायम ने साझा प्रेस कांफ्रेंस कर एकजूटता दिखाया था और कांग्रेस के नाम को सिरे से खारिज कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications