यूपी को एक दिन खुशहाल प्रदेश बनाने में जरूर कामयाब होंगे: अखिलेश

उन्होंने कहा, एफडीआई पर बहस होनी चाहिए। एफडीआई यदि किसानों के हितों के विपरीत हुई तो हम उसका कभी समर्थन नहीं करेंगे। उन्होंने आईटी उर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन, उद्योग तथा अन्य सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ने के लिये पीपीपी मॉडल के जरिये विकास करने की बात दोहराई और कहा कि निजी सार्वजनिक भागीदारी के बिना सुधार की उम्मीद करना अब शायद संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 26 लाख बच्चों को कंप्यूटर टैबलेट और लैपटाप देने का जो फैसला किया गया है, उसे प्रदेश में आईटी के क्षेत्र में क्रांति माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों का हित सर्वोपरि है। कृषि के क्षेत्र में सुधारों की जबरदस्त जरूरत है और प्रदेश के किसानों को कृषि तकनीक उपलब्ध कराना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। अखिलेश ने कहा कि राज्य में अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार के लिये सरकार बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहुत से ऐसे विकास के काम हैं जो केन्द्र सरकार के सहयोग के बिना पूरे नहीं हो सकते। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में चाहे एम्स बनाने की बात हो या फिर एवियेशन यूनिवर्सिटी, राज्य सरकार प्रत्येक स्तर पर केन्द्र सरकार से सहयोग करेगी। उन्होंने उर्जा क्षेत्र में केन्द्र के अपेक्षित सहयोग की बात दोहराई और कहा कि केन्द्र सरकार से यदि कोयले की समुचित आपूर्ति होने लगे तो बिजली संकट पर कुछ हद तक काबू पाने में सफलता मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications