अंतरकलह को छिपाते हुए पीएम ने गिनाईं यूपीए की उपलब्धियां

पीएम आवास में आयोजित पार्टी में हुई पार्टी में यूपीए में शामिल तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी नहीं आयीं। वहीं बाहर से समर्थन दे रही बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भी नहीं पहुंचीं। खास बात यह है कि इन दोनों दलों के अन्य नेता भी नहीं आये। हालांकि मुलायम सिंह पार्टी में पहुंचे थे।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो मुलायम की कांग्रेस आलाकमान से करीबियां साफ दर्शा रही है कि अगले दो साल में अगर तृणमूल ने यूपीए का दामन छोड़ दिया तो मुलायम बैक-अप के रूप में मौजूद रहेंगे। लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि यूपीए में कहीं न कहीं आंतरिक कलह जारी है।
अब अगर उपलब्धियों की बात करें तो पीएम ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में गरीबी आधी हो गई है, जबकि दुनिया भर में जहां अर्थव्यवस्था को लेकर हाहाकार मचा हुआ है वहीं भारत की अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है।
पीएम का दावा है कि उनके कार्यकाल में भारत की विकास दर 7 फीसदी की दर से सबसे तेज़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छी तरह जानती है कि भ्रष्टाचार की वजह से देश की जनता उनसे नाराज है, लेकिन दोषियों को बक्शा नहीं जायेगा।
यूपीए-2 के जन्मदिन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विपक्ष को जमकर कोसा। सोनिया ने विपक्षी दलों को मर्यादा में रहने की हिदायत दी। साथ ही पार्टी नेताओं से 2014 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने को कहा। उन्होंने कहा कि 2014 का जनमत अगले दो साल के रिपोर्ट कार्ड पर निर्भर करेगा।












Click it and Unblock the Notifications