2013 में ही सरकार की तेरहवीं हो जाएगी: बाबा रामदेव

अपने 22 मिनट के संबोधन में वे 7 मिनट देश की राजनीति और देश के स्टार सुपर स्टार पर प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से कटाक्ष किए। आरंभ में उन्होंने योगासन करके दिखाए और योग से व्यक्ति के शरीर, आत्मा और उसके जीवन में निरंतर विकास होने की बात समझाई।
लोगों को उनकी निरोगी काया के लिए सुबह 4 बजे उठकर नित्य योगासन करने को कहा। उन्होंने कहा कि योग का जन्म भारत देश में हुआ और यहीं से उसकी पहचान है। आज पूरे विश्व के 90 प्रतिशत लोग योग की शरण में हैं। इससे ज्यादा किसी स्टार या सुपरस्टार की पहचान नहीं है। उन्होंने कहा कि मैने स्टार, सुपरस्टार के विदेशों में कपड़े उतरते हुए देखे हैं। उन्होंने अपनी बात दोहराई और कहा कि योग से बढ़कर किसी की पहचान नहीं है।
वे अपने संबोधन में 7 मिनट राजनीति पर बोले। उन्होंने कहा कि देश में 543 सांसद हैं, जिनमें से 300 भी ठीक हों तो देश में सुधार हो सकता है। देश का प्रधानमंत्री असरदार हो तो भी देश की बिगड़ती हालत ठीक हो सकती है। उन्होंने कहा कि 300 तो क्या हम 500 की संख्या तक अच्छे लोग संसद में भेजेंगे। देश तभी ठीक होगा और देश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार खत्म हो सकेगा।
इस दौरान वे देश के काला धन मुद्दे पर भी बोले। उन्होंने कहा कि देश के कुछ लोग इस धन पर कुंडली लगाकर बैठे हैं। अगर यह काला धन देश में वापस आ जाए तो देश में फैली महंगाई 50 प्रतिशत से भी कम हो जाएगी और जनता व देश का सामूहिक रूप से विकास व उत्थान हो सकेगा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आयकर विभाग से मिले नोटिस के सवाल पर बताया कि सरकार है, ऐसे 50 नोटिस और उनके पास आ सकते हैं। हमने देखना है इनका कैसे जवाब देना है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रिब्यूनल में केस डाला हुआ है। न्याय की उम्मीद करते हैं। उनकी संस्थाओं के काम अधार्मिक होने पर पूछे सवाल में उन्होंने कहा कि किसी के कहने से कोई संस्था या ट्रस्ट धार्मिक से अधार्मिक नहीं बन जाती। जो खुद पापी हों उन्हें सभी पापी दिखते हैं। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने अगर 2013 तक भ्रष्टाचार को खत्म कर काला धन वापस लाने में कदम आगे नहीं बढ़ाए तो सरकार की 2013 गिरेगी और वहीं से देश का भविष्य उज्ज्वल होगा। यही डेढ़ साल इस सरकार के हैं और 2013 में ही जनता इस सरकार की तेरहवीं कर देगी।












Click it and Unblock the Notifications