फरीदाबाद बाल सुधार गृह से भागे पांच बच्चे

इनमें से एक बच्चा गुरुवार सुबह सुधार गृह में लौट आया। घटना के समय दो सुरक्षाकर्मी सुधार गृह में तैनात थे, लेकिन इन्हें भनक तक नहीं लगी। बच्चों के फरार होने की खबर से अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में लगी हुई है।
बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित कर दी गई हैं। गुरुवार सुबह बाल सुधार गृह में उस समय हड़कंप मच गया जब रोज की तरह बच्चों की गिनती की गई। सुधार गृह में 18 बच्चे थे। गुरुवार को जब गिनती की गई तो पांच बच्चे कम पाए गए। तुरंत अधिकारियों ने बाल सुधार गृह में इनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन बच्चे नहीं मिले।
जांच करने पर पता चला कि जिस कमरे में पांचों बच्चे रहते थे उसकी ग्रिल टूटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सुधार गृह के अधीक्षक धर्मवीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूछताछ में बताया कि रात करीब ढाई बजे बैरक नंबर-3 की लोहे की ग्रिल तोड़ कर दीवार फांद कर पांचों नाबालिग फरार हो गए।
बाल सुधार गृह से फरार होने वाले चारों बच्चे शातिर हैं। छोटी उम्र में ही चारों ने बड़े क्राइम किए हैं। उनके जुर्म तो बड़े हैं, लेकिन नाबालिग होने के कारण उन्हें बाल सुधार गृह में रखा गया था। सुधार गृह के अधीक्षक धर्मवीर के अनुसार फरार होने वाले चारों बच्चों पर चोरी, अपहरण और बलात्कार जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications