छत्‍तीसगढ़: नक्‍सली हमले में 4 जवान घायल

Chhattisgarh Map
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने भारत बंद के दौरान जमकर उत्पात मचाया है। राज्य के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर पुलिस दल पर हमला कर दिया है, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गये। वहीं एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने चार नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है। राज्य के नक्सल मामलों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रामनिवास ने बताया कि भारत बंद के दौरान आज माओवादियों ने राज्य के बस्तर क्षेत्र स्थित सुकमा जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट कर हमला कर दिया है, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गये। रामनिवास ने बताया सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र में आज पुलिस दल गस्त पर था। वहीं करीब के नदी में कुछ ग्रामीण नहा रहे थे।

इसी दौरान जब पुलिस दल वहां पहुंचा तब नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया और गोलीबारी भी शुरू कर दी। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा हमले के बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की तब वहां से नक्सली फरार हो गए। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है।

रामनिवास ने बताया कि नक्सलियों द्वारा बंद को देखते हुए बीजापुर जिले में पुलिस दल सड़कों पर गिराए गए पेड़ों को हटाने का कार्य कर रहा था। मंगलवार की रात पुलिस दल भैरमगढ़ क्षेत्र में गश्त के लिए निकला हुआ था। पुलिस दल जब गणेश बहार नाला के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की और रात भर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में घटनास्थल से 10 टिफिन बम, भारी मात्रा में नक्सली सामान बरामद किया। घटनास्थल में भारी मात्रा में खून और घसीटे जाने के निशान से इस मुठभेड़ में कम से कम चार नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जताई गई है।

वहीं, बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सलियों ने एक ग्रामीण को पीट पीट कर मार डाला है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक विक्षिप्त व्यक्ति बीजापुर के भैरमगढ़ क्षेत्र में था। बीती रात नक्सलियों ने इसकी लाठी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। बाद में जब उसकी मृत्यु हो गई तब उसके शव को सड़क पर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। इधर, नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में माओवादियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया है।

राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के चौकी थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे दो डंपर और एक अन्य वाहन को माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया है। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली बंद को देखते हुए राज्य में पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है। राज्य के नक्सल प्रभवित क्षेत्रों के शहरी इलाकों में यात्री वाहन सुचारू रूप से चल रहे हैं, जबकि अंदरूनी क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हुआ है। कुछ क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा सड़कों की खुदाई कर और पेड़ गिराकर यातायात को बाधित करने की कोशिश की गई है। सड़कों में सुधार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+