भारतीय संसद ने पूरे किये 60 वर्ष, आयेंगे दुनिया भर के राजदूत

गौरतलब है कि 13 मई 1952 को ही लोकसभा के पहले सत्र की बैठक हुई थी, जिसका गठन 17 अप्रैल 1952 को हुआ था। इसी मौके पर संसद के दोनों सदनों की विशेष बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक में लोकतंत्र और सदन के इतिहास पर गौर फरमाया जाएगा।
लोकसभा में इसकी शुरुआत अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी, जबकि राज्यसभा में सभापति हामिद अंसारी इसकी पहल करेंगे। सभी प्रमुख दलों के नेताओं को इस अवसर पर अपनी बात कहने के लिए बुलाया जाएगा। 5 घंटे तक चलने वाली इस चर्चा में कुछ पुराने सांसद भी संसद के इतिहास के बारे में अपने नए साथियों को सीख देंगे।
संसद सचिवालय से मीडिया को खबर दी गई है कि शाम 5.30 केंद्रीय कक्ष में समारोह का आयोजन होगा। इस अवसर पर 5 और 10 रुपये के सिक्के भी जारी किए जाएंगे तथा रिशांग कीशिंग और रेशम लाल जांगिड़ को सम्मानित किया जाएगा जो पहली लोकसभा में सदस्य थे।
आपको बता दें कि लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज चाहती थी कि इस अवसर पर सभी पुराने सांसदों को बुलाकर सम्मानित किया जाए पर संसद में इस बात पर सहमति नहीं बन सकी। समारोह में विख्यात संतूर वादक शिवकुमार शर्मा शुभा मुद्गल और इकबाल खान जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।












Click it and Unblock the Notifications