सिपाही ने ही सिपाही को उतारा मौत की घाट

मृतक मूल रूप से बीकानेर राजस्थान का रहने वाला था। मृतक व आरोपी दोनों सातवीं बटालियन में तैनात थे। मालवीय नगर थाना पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी, दक्षिण जिला छाया शर्मा ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह 10:55 बजे मालवीय नगर स्थित सातवीं बटालियन की है। मृतक का नाम दिनेश यादव (24) है। उसके पिता का नाम जेपी यादव है। दिनेश 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। सितंबर 2011 से वह सातवीं बटालियन में था और मालवीय नगर स्थित दिल्ली पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में बैरक नंबर 4 में तीसरी मंजिल पर रह रहा था। बैरक में 20 पुलिसकर्मी रहते हैं, जिनमें दिनेश के साथ आरोपी सिपाही सुनील कुमार (23) भी रहता था। दोनों दोस्त थे। सुनील भी 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। वह राजस्थान के झूंझनू जिले का रहने वाला है।
छाया शर्मा ने बताया कि जिस सिपाही कालू राम की एसएलआर राइफल से दिनेश की हत्या की गई है उसे निलंबित कर दिया गया है। हालांकि बताया जा रहा है कि उसने राइफल दी नहीं थी बल्कि वहीं दीवार के सहारे टिका रखी थी। बैरक में सुनील और दिनेश भी मौजूद थे। इसी दौरान सुनील ने एसएलआर उठाकर दिनेश की ओर तान दी। इसी दौरान गोली चल गई। गोली सीधे दिनेश के सीने में लगी। वह नीचे गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications