विजेंद्र गुप्ता सीएम पद के सबसे बड़े दावेदार के रूप में उभरे

तीनों निगमों में जीत से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का कद काफी बढ़ गया है। गुप्ता अब भाजपा की तरफ से वर्ष 2014 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री पद के भी दावेदार हो गए हैं। तमाम आलोचनाओं के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आला नेताओं की नजर में हीरो बन गए हैं। एमसीडी चुनाव में टिकट बंटवारे के बाद उन पर कई आरोप लगे। पत्नी शोभा विजेंद्र और पीए की पत्नी ममता नागपाल को प्रत्याशी बनाने के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी उन्हें झेलनी पड़ी। इतना ही नहीं जब भी वे मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से चर्चा करने की अपील करते या मीडिया के माध्यम से जवाब मांगते तो उनकी चुनौतियों व अपील को मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद जेपी अग्रवाल दरकिनार कर देते।
विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि जब भी भ्रष्टाचार और महंगाई की चर्चा की गई मुख्यमंत्री भागती रहीं। कई बार पूछने के बावजूद हमारी और जनता की बात को अनसुना कर दिया गया। अब उन्हें सच का सामना करना पड़ेगा। हमने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस अब सत्ता संभालने के काबिल नहीं है। पूर्वी दिल्ली जहां कांग्रेस का गढ़ माना जा रहा था वहां भाजपा ने कांग्रेसी नेताओं के किले को ध्वस्त कर दिया है। पूर्वी दिल्ली इलाका स्वयं मुख्यमंत्री, उनके बेटे सांसद संदीप दीक्षित, प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, सरकार के मंत्री अशोक वालिया और अरविंदर सिंह लवली का है। लेकिन भाजपा ने निगम चुनाव में भारी जीत दर्ज की है। सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार पूर्वी दिल्ली के लोगों ने देखा है क्योंकि कामनवेल्थ गेम्स के नाम पर सबसे ज्यादा लूट इसी इलाके में हुई है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के चुनाव समिति के अध्यक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर एनसीपी से जुड़े थे और अपने दम पर छह उम्मीदवारों को जितवाया है। बदरपुर वार्ड से फूलकली नारवाल, मीठापुर से धर्मवीर अवाना, मोलड़बंद से टिम्सी कसाना, जैतपुर से शिखा साह, हरकेश नगर से जीवन लाल और महरौली से पुष्पा सिंह ने जीत दर्ज की है। लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक शोएब इकबाल ने कहा कि निगम चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवारों का समर्थन किया था और आरएलडी के उम्मीदवारों के रिकार्ड जीत से खुश हूं। जामा मस्जिद से आरएलडी उम्मीदवार खुर्रम इकबाल ने कांग्रेस प्रत्याशी को 1862 मतों, कूचा पंडित वार्ड से राकेश कुमार ने कांग्रेस उम्मीदवार को 14 हजार से अधिक मत, तुर्कमान गेट से आयला मोहम्मद इकबाल ने सपा प्रत्याशी को 16 हजार से अधिक मतों और बल्ली मारान से इमरान हुसैन ने कांग्रेस प्रत्याशी को लगभग तीन हजार मतों से हराया है। जनता दल यूनाइटेड ने भी निगम चुनाव से दिल्ली में खाता खोला है। जेडीयू उम्मीदवार चंदर प्रकाश ने गोविंद पुरी वार्ड से जीत दर्ज की है। इंडियन जस्टिस पार्टी ने भी दिल्ली में अपना खाता खोला है। करावल नगर से धर्मेंद्र कुमार ने जीत दर्ज कर है।












Click it and Unblock the Notifications