पुलिस बन कर महिलाओं के गहने लेकर भागनेवाले पकड़े गए

नोएडा थाना-49 पुलिस ने स्पेशल स्टाफ बनकर लूटपाट व ठगी के आरोप में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। रविवार की शाम सेक्टर-50 के बी ब्लाक निवासी दिल्ली पुलिस के वायरलेस विभाग से रिटायर्ड पुलिस कर्मी जसवंत सिंह अरोड़ा की पत्नी लीलावती मदर डेयरी से दूध लेने जा रही थी। उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक कर अपना परिचय स्पेशल स्टाफ नोएडा पुलिस के रूप में देते हुए महिलाओं से हो रही लूटपाट की घटनाओं का जिक्र करते हुए सारे जेवर उतार कर पॉलीथिन में रख कर घर ले जाने की सलाह दी। कद काठी से लीलावती को तीन युवक पुलिस कर्मी ही लगे। उन्होंने युवकों द्वारा दी गई पॉलीथिन में दो अंगुठियां, सोने की चेन, कुंडल व सोने की चूड़ियां उतार कर रख दीं। युवक पॉलीथिन लेकर भाग निकले। लीलावती ने घर पहुंच कर परिजनों को इसकी सूचना दी।
एसपी सिटी योगेश सिंह ने बताया कि परिजन लीलावती के साथ थाना-49 पहुंच गए और घटना की जानकारी दी। देर शाम पुलिस ने सेक्टर-50 में सादे कपड़ों में बदमाशों की तलाश शुरू की तो एक बाइक पर सवार तीन युवक मदर डेयरी के आसपास घूमते मिले। चेकिंग के लिए रोका तो उनके पास तलाशी लेने पर एक युवक के पास तमंचा मिला। पुलिस उन्हें थाने ले आई। जहां लीलावती को पहचान करने के लिए बुलाया गया तो उन्होंने तीनों युवकों को पहचान लिया। पुलिस ने ठगी और लूट के आरोप में युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान सौरखा निवासी शौकीन, इरफान व नजर हसनैन के रूप में हुई। नजर हसनैन कुछ समय पहले तक सेक्टर-76 में एक बिल्डर कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर था। नौकरी छूटने के बाद अपराध की तरफ कदम बढ़ा दिए। पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उनके पास से जेवरात पुलिस नहीं बरामद कर सकी है।












Click it and Unblock the Notifications