काबुल में आतंकियों के साथ 18 घंटे का मुठभेड़ खत्म, सभी ढेर

पांच नागरिकों समेत 30 लोग जख्मी हो गये हैं। काबुल निवासियों को आज दूसरे दिन भी विस्फोटों और गोलीबारी की आवाज सुनते हुए दहशत में रहना पड़ा। लेकिन अफगान बलों ने उन दो स्थानों पर आतंकवादियों को निशाना बनाया और उनका खात्मा कर दिया जहां वे रात भर छिपे रहे। साफ तौर पर नाटो और अफगान सुरक्षा बलों के आत्मविश्वास को कमजोर करने के लिहाज से रची गयी साजिश के तहत किये गये हमले पर सुबह तक विराम लगा दिया गया। आतंकवादियों के मारे जाने के बाद शहर में सन्नाटा पसर गया और मुख्य सड़कों पर कारतूसों के खोल देखे जा सकते थे।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीक सिद्दीकी ने बताया कि काबुल में लड़ाई खत्म हो चुकी है। काबुल में सभी तीन स्थानों को खाली करा लिया गया है तथा सभी आतंकवादी मारे गए हैं। उन्होंने कहा, काबुल के समयानुसार आज सुबह 7.20 बजे संघर्ष समाप्त हो गया और सभी सड़कें अब खोल दी गयी हैं। काबुल तथा तीन अन्य अफगान शहरों को कल आत्मघाती हमलों का निशाना बनाया गया था जिनमें दूतावासों और नाटो के अड्डों को प्रमुख रूप से निशाना बनाया गया।
इन हमलों को लेकर तालिबान ने कहा है कि ये उसके हमले की शुरूआत है। राजधानी की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार अफगान सुरक्षा बलों ने हमले पर जवाबी कार्रवाई की कमान संभाली। जैसे ही आतंकवादियों ने शहर के राजनयिक इलाके पर हमला बोला तो शहर में छह महीने से अधिक समय बाद किये गये पहले बड़े हमले में अमेरिकी, ब्रिटिश, जर्मन तथा जापानी दूतावास परिसरों पर भी गोलीबारी हुई। हालांकि किसी भारतीय ठिकाने पर निशाना नहीं साधा गया। बताया जाता है कि सभी दूतावासों में लोग सुरक्षित हैं। दिल्ली में विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार काबुल में सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं।












Click it and Unblock the Notifications