रैगिंग- आई कार्ड न दिखाने पर छात्र का सिर फोड़ा

अस्पताल में भर्ती मास कम्युनिकेशन प फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट सौरभ के अनुसार, बुधवार दोपहर वह कालेज की लाइब्रेरी में बैठा था। उसी समय एक युवक आया और उसे बुलाकर बाहर ले गया। जब वह कालेज के मेन हॉल के पास पहुंचा तो वहां खड़े बीएससी आईटी फाइनल ईयर के छात्र सन्नी व बीकॉम के मन्नी ने उसकी रैगिंग लेनी शुरू कर दी। दोनों ने उससे उसका आई कार्ड मांगा। जब उसने अपना आई कार्ड देने से इनकार किया तो सन्नी व मन्नी ने उससे मारपीट शुरू कर दी। उसी समय कुछ बाहरी युवक भी वहां पहुंच गए और आते ही उसके सिर पर तलवार मारी।
मारपीट के दौरान सौरभ के दोस्त जौली ने बीच-बचाव करना चाहा तो हमलावरों ने उसे भी पीट डाला। सौरभ की चीखें सुनकर कैंपस में ही मौजूद अन्य छात्र मदद के लिए दौड़े तो हमलावर भाग निकले। इसके बाद सौरभ व जौली को कैंट अस्पताल पहुंचाया गया। वहां सौरभ के सिर में कई टांके आए। जौली की हालत ठीक थी। सौरभ ने बताया कि सन्नी व मन्नी ने मंगलवार को भी कैंपस में उसकी रैगिंग लेनी चाही थी। जब उसने उनकी बात नहीं मानी तो बुधवार को दोनों ने बाहरी युवकों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। एसएचओ बलजीत सिंह ने कहा कि कैंट पुलिस को कालेज छात्रों के बीच झगड़े की जानकारी मिली है। घायल छात्र के बयान लिए जा रहे हैं। बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications