मनीला से चला कॉपर दिल्ली पहुंचते-पहुंचते कूड़ा में बदल गया

जहाज के जरिये 5 कंटेनर में भरकर आए कॉपर स्क्रैप की पैकिंग सील जब लोनी आईसीडी में खोली गई, तो होश उड़ गए। कंटेनर में कॉपर स्क्रैप की जगह कूड़ा-कबाड़ निकला। ये कॉपर दिल्ली में आरसीआई इंडस्ट्रीज एंड टेक्नोलॉजी कंपनी ने मंगवाया था। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव गुप्ता ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एसएसपी से इसकी शिकायत की है। शिकायती पत्र में कॉपर स्क्रैप लोडिंग और पैकिंग होते हुए फोटोग्राफ भी संलग्न किए गए हैं। एसएसपी ने एलआईयू से जांच कराई तो मामला इंटरनेशनल फ्रॉड का निकला। एसएसपी ने किसी और जांच एजेंसी से मामले की जांच कराने को आला अधिकारियों को पत्र लिखा है।
आरसीआई इंडस्ट्रीज एंड टेक्नोलॉजी कंपनी दिल्ली में वजीरपुर रिंग रोड पर है। यह कॉपर स्क्रैप विदेशों से मंगाती है और उसे यहां फैक्ट्रियों आदि में सप्लाई करती है। कंपनी ने मनीला से 3 करोड़ 70 लाख रुपये का कॉपर स्क्रैप मंगाया था। 21 जनवरी 2012 को स्क्रैप मनीला से 5 कंटेनर में लोड होकर पानी के जहाज से मुंबई के लिए चला था। 13 मार्च को ये कंटेनर ट्रक से दिल्ली आए और वहां से लोनी में इंटरनेशनल कंटेनर डिपो (आईसीडी) लाया गया। पैकिंग सील खोलने पर पता चला कि उसमें कॉपर स्क्रैप की जगह कूड़ा-कबाड़ भरा हुआ था। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव गुप्ता ने एसएसपी के अलावा इसकी शिकायत सीबीआई डायरेक्टर, चीफ कमिश्नर सेंट्रल एक्साइज एंड कस्टमस (मेरठ जोन), चीफ विजिलेंस कमिश्नर और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से भी की है।
एसएसपी रघुबीर लाल ने बताया कि ‘एलआईयू जांच में यह बात सामने आई है कि धोखाधड़ी हुई है। लेकिन धोखाधड़ी या तो मनीला में लोडिंग के वक्त हुई है या फिर समुद्र में। लोनी आने पर कुछ नहीं हुआ। यह इंटरनेशनल मामला है। लिहाजा इस संबंध में डीजीपी को अवगत कराया जा रहा है। डीजी शासन और एंबेसी को इससे अवगत कराएंगे। इसकी जांच किसी और जांच एजेंसी से होनी चाहिए।’












Click it and Unblock the Notifications