नोएडा के जरिए भी गाजियाबाद से जुड़ेगी मेट्रो

प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी सीबी सिंह ने बताया कि सिटी सेंटर से सेक्टर-62 (एनएच-24) तक मेट्रो विस्तार के दौरान आधा दर्जन स्टेशन बनेंगे। यह स्टेशन होंगे सेक्टर 34, 52, 61, 59, 62 व एनएच-24 से सटी इलेक्ट्रानिक सिटी। यह पूरा रूट एलिवेटेड होगा। इस पर यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा रहने का अनुमान है, लिहाजा डीएमआरसी इस रूट पर आठ कोच वाली मेट्रो ट्रेन का संचालन करेगी। इस ट्रैक की कुल लंबाई 6.67 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर कुल 1805 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
निर्माण कार्य अगले चार साल में पूरा होगा। डीएमआरसी ने जो डीपीआर सौंपी है, वह सेक्टर 62 तक ही है। हालांकि इससे पहले डीएमआरसी ने प्राधिकरण को इस रूट के लिए जो तकनीकी रिपोर्ट सौंपी थी, उसमें संलग्न रूट मैप में इसी विस्तार को आगे बढ़ाकर वैशाली से जोड़ा जाना प्रस्तावित है। सेक्टर-62 के बाद मेट्रो सीआइएसएफ कैंप के सामने से होती हुई वैशाली तक जाएगी। इससे नोएडा-गाजियाबाद के बीच सफर करने वालों की राह आसान होगी।












Click it and Unblock the Notifications