गोल्ड एक्ट के खिलाफ जारी है बंद व भूख हड़ताल

सर्राफा यूनियन के सचिव सतीश भारद्वाज ने कहा कि पिछले पांच दिनों से सर्राफा बाजार बंद है। इसके चलते सर्राफा कारोबारियों के अलावा ग्राहकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने से सर्राफा कारोबार में कालाबाजारी बढ़ेगी। दो लाख से अधिक के सोने के आभूषण खरीदने वाले ग्राहक को अपना पेन नंबर देना होगा जबकि ग्रामीण क्षेत्र में कोई पेन नंबर नहीं रखता। इससे लोगों को विवाह के दौरान आभूषण खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। चार प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के बाद से सर्राफा कारोबारी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे है, लेकिन सरकार उनकी माग की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है।
मांग पूरी नहीं होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। केंद्र सरकार ने सोने के गहनों पर एक प्रतिशत उत्पाद शुल्क लगा दिया है और आयात शुल्क दो प्रतिशत से बढ़ाकर चार प्रतिशत कर दिया है। पहले से ही सोने के भाव आसमान छू रहे हैं और उस पर यह टैक्स की मार भी लगा देना अनुचित है। इससे पहले स्वर्णकार मातुराम धर्मशाला में एकत्रित हुए और इस पर विचार-विमर्श किया।
सिरसा में प्रदर्शनकारियों ने मुंह पर बांधी पट्टी
सिरसा में स्वर्णकार अपनी दुकानें बंद करके काली पट्टियां बांधकर धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।वहीं बाजारों में केंद्र सरकार व वित्तमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचें जहां भारी संख्या में मौजूद प्रदर्शनकारी स्वर्णकारों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया कि उनकी बात राज्य व केंद्र सरकार तक भेज दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए उपायुक्त को बताया कि जो गोल्ड कंट्रोल एक्ट तथा उत्पाद शुल्क लगाकर सरकार ने स्वर्णकार कारोबार पर आघात पहुंचाने की कोशिश की है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में उत्पाद शुल्क लगाकर व्यापारियों के हाथ इतने बांध दिए हैं कि वे ठीक से काम नहीं कर सकेंगे तथा पुराने काले कानून फिर से लागू करके सरकार ने स्वर्णकारों को परेशान करने की कोशिश की है। उन्होंने इन काले कानूनों को तुरंत वापस लेने की मांग की है।
आज भूख हड़ताल के दूसरे दिन प्रेम रातुसरिया, सुरेंद्र सोनी, राजकुमार सोनी, अमर सिंह साहुवाला, मुकेश रस्तोगी, गजानंद सोनी, सुरेंद्र फुटेला, इंद्र सोनी, अनिल सांखोवाला, बीडी वर्मा, , पुरूषोत्तम सोनी शामिल हुए। आज के धरना प्रदर्शन स्थल पर हजकां की ओर से लोकसभा क्षेत्र सिरसा प्रभारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष वीरभान मेहता, इनेलो के जिला अध्यक्ष पदम जैन, नगर परिषद के प्रधान सुरेशकुक्कु, भाजपा के जिला अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही तथा इनेलो पिछडा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशउपाध्यक्ष शेर सिंह ने स्वर्णकारों को अपनासमर्थन दिया और स्वर्णकारों की मांगों को जायज ठहराया।












Click it and Unblock the Notifications