15 अप्रैल से दो घंटे में पहुंचे दिल्ली से आगरा

यमुना एक्सप्रेस-वे खुलने के साथ ही नोएडा से आगरा के बीच बस सेवा शुरू करने की तैयारी रोडवेज ने शुरू कर दी है। रोडवेज एक्सप्रेस वे खोले जाने की औपचारिक तिथि जानने के लिए यमुना को जल्द ही पत्र लिखेगा। साथ ही इस रूट पर बसें चलाने के लिए मुख्यालय को पत्र लिखकर अनुमति मांगेगा। इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। दरअसल, अभी तक आगरा के लिए यूपी रोडवेज की बसें सराय काले खां से जाती हैं। नोएडावासियों को आगरा तक जाने के लिए यहां से सराय काले खां जाना पड़ता है। वहां से मथुरा रोड होते हुए आगरा तक बसें चलती हैं।
हरियाणा और दिल्ली की सीमा में घुसने के कारण यूपी रोडवेज को भारी भरकम टैक्स का भी भुगतान करना पड़ता है। इस रूट से दूरी ज्यादा होने पर समय भी अधिक लगता है। ऐसे में यमुना एक्सप्रेस वे के चालू हो जाने से लोग सीधे नोएडा से मथुरा व आगरा तक का सफर कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक इस रूट पर दो तरह की बस सेवा चलाई जाएगी। लोकल और एक्सप्रेस सेवा।
एक्सप्रेस सेवा के तहत नोएडा व ग्रेटर नोएडा से होकर नॉन स्टाप चलने वाली बसें मथुरा छोड़कर और कहीं नहीं रुकेंगी। इससे समय कम लगेगा। मथुरा और आगरा जाने वाले कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, लोकल बस सेवा से कम दूरी तय करने वाले सफर कर सकेंगे। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक अगर यमुना एक्सप्रेस-वे 11 अप्रैल (प्रस्तावित तिथि) से खुल गया, तो रोडवेज की बसें 15 अप्रैल के आसपास चलने लगेंगी। शुरू में दोनों सेवाओं के तहत एक दर्जन बसें ही चलाने की योजना है।












Click it and Unblock the Notifications