'संसद में मुजरिम की तरह पेश करो टीम अन्ना को'

आगे बढ़ने से पहले हम आपको ले चलते हैं जंतर-मंतर जहां रविवार को अन्ना के अनशन के दौरान एक वीडियो क्लिपिंग दिखायी गई, जिसमें शरद यादव ने भाषण दिया, और उसके ठीक बाद अरविंद केजरीवाल ने मंच से अपनी बात की समाप्ति इस जुमले के साथ की- "इसे कहते हैं चोर की दाढ़ी में..."।
अब सांसदों का कहना है कि टीम अन्ना ने भरे समाज में सांसदों का अपमान किया है। इस पर आज निंदा प्रस्ताव लाने की बात रखी गई, जेडीयू सांसद शरद यादव ने कहा, "व्यक्तिगत हमले करें, हमें कोई ऐतराज नहीं, मेरे बारे में बोला मुझे कोई ऐतराज नहीं। इतना झूठ बोलते हैं, कि क्या बतायें। इलेक्शन कमीशन संस्था है, सुप्रीम कोर्ट व संसद एक संस्था है और इस पर हमला करना उचित नहीं है। अगर जनता के मन से इन संस्थाओं पर विश्वास उठ गया तो जंगलराज आ जायेगा।"
इस पर मुलायम सिंह ने कहा, "नाजायज हमला करता है तो उसे क्षमा नहीं करना चाहिये। मैं इस प्रस्ताव से सहमत हूं, लेकिन अगर आज कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे और बड़ा हमला हो सकता है। लिहाजा टीम अन्ना के सदस्यों को संसद में बतौर मुजरिम बुलाना चाहिये और उन्हें सजा दी जानी चाहिये।" मुलायम ने आगे कहा कि इसमें संसद को विलंब नहीं करना चाहिये। उन्हें तत्काल यहां बुलाया जाये और उन्हें यहां लाइन में खड़ा करके बताया जाये कि उन्होंने अपराध किया है।
हालांकि राजद के सांसद ने कहा, "हमारे बीच में भी लोग हैं, जो जंतर-मंतर पर चले जाते हैं। उनकी दुकान से फायदा उठाने के लिए यहां से चले जाते हैं। संसद की गरिमा की रक्षा करने का दायित्व हमारा है।" इस चर्चा के बीच संसद में निंदा प्रस्ताव तो नहीं आया, लेकिन हां संसद ने टीम अन्ना को चेतावनी जरूर दे दी है कि वो अपनी जुबान पर लगाम रखे।












Click it and Unblock the Notifications