फिर वही कहानी, मैजिक पेन से बैंक अकाउंट खाली

लोन दिलाने के नाम पर व्यवसायी के साथ ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को बैंककर्मी बताकर पीड़ित व्यवसायी से दो कैंसल चेक लिए। चालाकी दिखाते हुए आरोपी शख्स ने दोनों चेक अपने मैजिक पेन से रद किए। बाद में दोनों चेक पर रकम भरकर उन्हें कैश कराने की कोशिश की। एक चेक से तो उन्होंने 35 हजार रुपये निकाल भी लिए। लेकिन दूसरा चेक कैश कराते हुए बैंककर्मियों ने शक के आधार पर एक आरोपी को दबोच लिया। छानबीन और पीड़ित की शिकायत के बाद आरोपी वसीम अहमद को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित हरविंदर सिंह (27) परिवार के साथ ईस्ट गोरखपार्क में रहते हैं। इनका अपना व्यवसाय है। दो सप्ताह पहले हरविंदर के मोबाइल पर एक फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए दो लाख का लोन दिलाने की पेशकश की। लोन लेने की बात स्वीकार करने के बाद आरोपी ने कागजात और हरविंदर के खाते के दो कैंसल चेक लेने के लिए एक शख्स को भेजा। घर आए शख्स ने हरविंदर से कागजात लिए इस बीच हरविंदर ने हस्ताक्षर कर दो चेक घर आए शख्स को थमा दिए। आरोपी युवक ने हरविंदर के सामने ही दोनों चेक को अपने पेन से रद किया। जाते समय आरोपी ने कहा कि आप खाते में ज्यादा से ज्यादा रुपये रखेंगे तो लोन जल्दी पास होगा।
हरविंदर के खाते में पहले ही करीब 70 हजार रुपये पड़े हुए थे। सोमवार को प्रीत विहार स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक से हरविंदर के पास फोन आया। बैंककर्मियों ने उन्हें बताया कि को एक युवक आपके खाते से चेक से 37 हजार रुपये निकालने की कोशिश कर रहा था। शक होने पर उसे पकड़ लिया है। बैंककर्मियों ने हरविंदर को बैंक बुलाया। बैंक पहुंचने पर पीड़ित को पता चला कि जो दोनों चेक उन्होंने लोन के नामक पर दिए थे आरोपी उसी से रुपये निकालने की कोशिश कर रहा था। नौ मार्च को दूसरे चेक से इन लोगों ने 35 हजार रुपये निकाल भी लिए। पुलिस इससे पूछताछ कर दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications