हरियाणा: थाने में युवक की मौत पर हंगामा

मृतक के परिजन व ग्रामीण पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए बयान दिए बिना चले गए तथा दादरी-दिल्ली मुख्य मार्ग पर समसपुर गांव के समीप जाम लगा दिया। एसपी के आदेश पर अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। उसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला। समसपुर गांव निवासी सतीश की पत्नी मंजू की 7 मार्च को मौत हो गई थी। हवालात में युवक की मौत के बाद करीब दस गांवों के लोग थाना परिसर में पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि सतीश को गांव के सरपंच व चार अन्य मौजिज लोगों ने गत 9 मार्च को सदर थाने में पुलिस को सौंपा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 4 दिन तक पुलिस ने उसे काफी प्रताडि़त किया तथा इसी दौरान उसकी मौत होने पर उसे फांसी पर लटका दिया। थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि रविंद्र ने आत्मग्लानि के कारण रजाई की किनारियों को रस्सी बनाकर लॉकअप में बने बाथरूम में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंचे एसपी बी सतीश बालन ने भी ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक बी सतीश बालन ने कहा कि फिलहाल मजिस्ट्रेट पूरे मामले की जांच कर रहे हैं जांच में जिस पुलिसकर्मी को भी दोषी पाया जाएगा उसे इस मामले में नामजद किया जाएगा। मालूम हो कि सतीश की पत्नी मंजू का शव गांव के ही एक कुएं में मिला था। मंजू के परिजनों के बयान पर पुलिस ने सतीश व उसके चार अन्य परिजनों पर दहेज हत्या व सबूत मिटाने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी सतीश को 12 मार्च को रात 12.20 मिनट पर गिरफ्तार दिखाया जबकि सुबह 7 बजे उसकी मौत का होना बताया।












Click it and Unblock the Notifications