एक्‍सक्‍लूसिव इंटरव्‍यू: युवा शक्ति ने बनाया अखिलेश यादव को सीएम

राजेश आनंद

समाजवादी पार्टी के विधायक दल की बैठक में अखिलेश यादव को सर्वसम्‍मति से उत्‍तर प्रदेश का मुख्‍यमंत्री चुन लिया गया। अखिलेश की बात करें तो पिछले दो सालों में उन्‍होंने जमीनी स्‍तर पर काम करते हुए समाजवादी पार्टी को यह जीत दिलायी। वो भी ऐसी जीत जिसका देश के एक भी एक्जिट या ओपीनियन पोल ने अनुमान नहीं लगाया था। यूपी के परिणामों के आगे सभी एक्जिट पोल फेल साबित हुए। खास बात यह है कि इस चुनाव में अखिलेश यादव सबसे बड़े यूथ आईकन बनकर उभरे हैं। पेश हैं अखिलेश से बातचीत की कुछ झलकियां-

प्र. अखिलेश आप इस जीत के बारे में क्‍या कहना चाहेंगे?

उ. सच पूछिए तो मुझे इतना तो भरोसा था कि समाजवादी पार्टी को 2007 की तुलना में ज्‍यादा सीटें मिलेंगी, लेकिन यह उम्‍मीद नहीं थी कि हमारी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ आयेगी। मतगणना के ठीक पहले तक मुझे यही लग रहा था कि हमें किसी अन्‍य पार्टी के साथ गठबंधन करना पड़ेगा और हम उसके लिए तैयार भी थे, लेकिन अब तस्‍वीर पूरी तरह बदल चुकी है।

प्र. आप इस जीत का श्रेय किसे देंगे?

उ. इस जीत का सबसे पहला श्रेय प्रदेश के युवाओं को देना चाहूंगा, जिन्‍होंने खुद के अंदर सपा के प्रति विश्‍वास जगाया। मैं इतना जानता हूं कि सपा की जीत के सबसे पहले हकदार राज्‍य की युवा शक्ति है। और अगर मैं आज सीएम बनने जा रहा हूं तो वो इसी युवा शक्ति के बल पर। दूसरा श्रेय मैं मीडिया को देना चाहूंगा जिसने पार्टी का हर कदम पर साथ दिया और तीसरा आम जनता को, जिनके वोटों की बदौलत हमें सेवा करने का मौका मिला है।

प्र. आपकी जीत का मूलमंत्र क्‍या है?

उ. मूल मंत्र कोई ऐसा खास तो नहीं हां इतना जरूर है कि मैं जब भी अपने कार्यकर्ताओं और साथियों के बीच बैठा, मैंने हमेशा यही कहा कि पिछली गलतियां नहीं दोहरानी हैं। और मुझे गर्व है अपनी युवा शक्ति पर कि किसी ने भी राज्‍य में कोई भी हिंसक रास्‍ता नहीं अपनाया और मुझे आगे भी विश्‍वास है कि वो सपा की छवि को अच्‍छा बनाने में मेरा साथ देंगे।

प्र. पार्टी की गुंडाराज की छवि को कैसे बदलेंगे?

उ. सबसे पहला काम हम राज्‍य की कानून व्‍यवस्‍था को दुरुस्‍त करने का करेंगे। साथ ही कानून तोड़ने वाला चाहे सपा का ही क्‍यों न हो हम उसके खिलाफ सख्‍त कार्रवाई करेंगे, किसी को नहीं बक्‍शा नहीं जायेगा। अभी भी मैं अपने साथियों से मिलना कम नहीं करूंगा मैं पहले की तरह उनसे मिलना जारी रखूंगा, ताकि उनका विश्‍वास बना रहे। मैं आपके माध्‍यम से कहना चाहूंगा कि यूपी की कानून व्‍यवस्‍था बनाये रखने में अब सपा कार्यकर्ताओं की जिम्‍मेदारी पहले से ज्‍यादा है। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि वो अपनी जिम्‍मेदारी को समझें और पार्टी को कोई भी दाग लगने से बचायें।

प्र. इतने सारे वादे आप कैसे पूरा करेंगे, पैसा कहां से आयेगा?

उ.
चाहे वो किसानों को ऋण हो या छात्रों को लैपटॉप या फिर कन्‍या विद्या धन। हम सारे वादे पूरे करेंगे। और जो पैसा अब तक मूर्तियों और स्‍मारकों में लगता रहा या भ्रष्‍टाचार की भेंट चढ़ता रहा है, उसे हम अपने वादे पूरे करने में खर्च करेंगे।

प्र. यूपी में रोजगार सृजन के लिए आप क्‍या करेंगे?

उ. हम इसके लिए हमने एक अलग से टीम गठित करने के बारे में सोचा है। सरकार बनने और मंत्रालय दिये जाने के बाद हम योजनाबद्ध तरीके से इस पर काम करेंगे। हमारा उद्देश्‍य कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, आदि की तरह यहां भी बड़ी कंपनियों को लाने का रहेगा।

प्र. पिछली के घोटालों और मूर्तियों का आप क्‍या करेंगे?

उ. उस पर हमें कुछ करने की कोई जरूरत नहीं है, सीबीआई अपना काम कर रही है। रही बात मूर्तियों की तो वो हम तोड़ेंगे नहीं। खाली जगहों पर हम अस्‍पताल बनाने की योजना में हैं।

साक्षात्‍कार लेने वाले का परिचय- राजेश आनंद, लखनऊ के वरिष्‍ठ पत्रकार एवं पत्रिका एराउंड द इंडिया के संपादक हैं साथ ही वे वनइंडिया से जुड़े हुए हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+