ऑनलाइन डिग्री का ऑफर आये तो हो जाइये सावधान

देशी छात्रों में विदेशी डिग्री का क्रेज बढ़ता जा रहा है। इसे भुनाने के लिए तमाम विदेशी विश्वविद्यालयों के एजेंट्स और फर्जी कंसल्टेंट्स सक्रिय हो गए हैं। उल्टे-सीधे तरीकों से विभिन्न मोबाइल कंपनी का डाटा निकालकर अब लोगों के मोबाइल पर आसान तरीके से विदेशी डिग्री पाने के आफर भेजे जा रहे हैं। विशेषज्ञों की मानें तो ऐसी किसी भी डिग्री की चाह में बैठे छात्र पहले हर ओर से तसल्ली करने के बाद ही कोई ठोस कदम उठाएं।
बीटेक अंतिम वर्ष के एक छात्र ने बताया कि अभी तक उसके पास तीन ऐसे एसएमएस आ चुके हैं। जिसमें आस्ट्रेलिया, यूके और यूएस के विश्वविद्यालयों से ऑनलाइन मास्टर्स डिग्री लेने की बात कही गई थी। इनकी लुभावनी और संदेहास्पद बात यह थी कि इनमें मास्टर्स डिग्री के लिए फीस बहुत कम और समय केवल एक वर्ष लिखा था। सारी डिटेल्स और प्रोस्पेक्टस के लिए ई-मेल भेजने की बात लिखी हुई थी।
वहीं, ऐसी ही एक ई-मेल भेज चुके निजी बैंक कर्मी ने बताया कि उन्हें जो डिटेल भेजीं गईं उसके अनुसार एक वर्षीय कोर्स की फीस केवल 23 हजार रुपये थी लेकिन रजिस्ट्रेशन, स्टडी मैटेरियल, ऑनलाइन लेक्चर्स आदि की फीस 85 हजार रुपये बताई गई। ऑनलाइन डिग्री के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करना उन्हें नागवार गुजरा इसलिए उन्होंने इस प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया।
एआईसीटीई के पूर्व चेयरमैन, यूजीसी के पूर्व वाइस चेयरमैन और शारदा विवि के कुलाधिपति के सलाहाकार डॉ. एस.के. खन्ना ने बताया कि विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई से पूर्व उनकी मान्यता संबंधी प्रश्न सबसे पहले कौंधता है। यदि किसी को विदेशी विश्वविद्यालय में पढ़ाई करनी ही हो तो सबसे पहले उस देश के दूतावास से संपर्क कर लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications