आरक्षण पर अब खाप की आर-पार की तैयारी

संकेत मिले हैं कि सीएम के साथ वार्ता में शामिल उन तीन खापों पर निष्कासन की गाज गिर सकती है जिन्होंने सर्व खाप से अलग सुर में बात की थी। जाट सर्व खाप कमेटी की हांसी में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में सभी प्रमुख खापों के प्रतिनिधियों की शिरकत की संभावना बताई गई है।
अपने-अपने खाप के प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने के लिए सर्व खाप की ओर से आदेश भी जारी किए गए है। बताया गया है कि इस बैठक में जाट आरक्षण आंदोलन को आर-पार की लड़ाई की शक्ल देने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसी बैठक में अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के पश्चात की रणनीति का ताना-बाना बुना जाएगा। रामायण गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे आंदोलनकारियों का नेतृत्व कर रहे जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल छोत ने कहा है कि इस बैठक में आंदोलन को आगे ले जाने से जुड़े तमाम पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उधर, दूसरी ओर पिपली में मुख्यमंत्री के साथ बातचीत में शामिल उन तीन खापों पर गाज गिरने की संभावना है,जिन्होंने सर्व खाप कमेटी की मांग पर मुख्यमंत्री द्वारा सहमति जताने की बात कही थी। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल छोत ने तो यहां तक कह दिया है कि जब 26 सदस्यीय कमेटी बनी तो सरकार के तीन आदमी शामिल कर दिए गए। धर्मपाल छोत के अनुसार सर्व खाप ने कहा था कि प्रवक्ता सुबे सिंह, प्रधान नफे सिंह नैन या कुलदीप ढांडा मुख्यमंत्री से बात करेंगे, लेकिन इन तीन लोगों ने बात ही नहीं करने दी। ये सरकार के लोग थे खाप के नहीं। उन्होंने कहा है कि हांसी में होने वाली बैठक में लाठर खाप के दलेर सिंह लाठर, नौ गामा खाप के चन्द्रभा नंबरदार, बारह खाप के राजबीर ढांडा के खिलाफ कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन तीनों को बैठक में बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के मुकाम पहुंचने तक आंदोलन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications