बाप-दादाओं की कमाई खाने वाले नेताओं से घिरे हैं राहुल: उमा
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस के महासचिव और पार्टी के सर्वेसर्वा राहुल गांधी अपने बाप दादाओं की कमाई खाने वाले नेताओं से घिरे हैं। रामपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि राहुल पुरखों की कमाई खाने वाले नेताओं से घिरे हैं, जबकि मेरे साथ अपने दम पर मेहनत कर जीवन चलाने वाले युवाओं का समर्थन है।
उमा ने कहा कि मैं नौजवानों से आग्रह करती हूं कि भ्रष्टाचार की लंका जलाने के लिए वह भाजपा की सरकार बनवाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो तरह के नौजवान हैं। एक अपने पुरखों की कमाई खाने वाले जो राहुल गांधी के इर्द-गिर्द दिखाई देते हैं, जबकि अपनी मेहनत की कमाई खाने वाले नौजवान मेरे साथ हैं।
उमा ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर इस चुनाव को मुद्दों से भटका दिया है। उत्तर प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध प्रमुख मुद्दे थे, लेकिन इन दलों ने मुसलमानों के आरक्षण को मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित किया है। मालूम हो कि यूपी विधानसभा चुनाव का आखिर चरण 3 मार्च को होना है। इस आखिरी चक्रव्यूह को भेदने के लिये हर राजनीतिक पार्टियां पूरी ताकत झोंक चुकी हैं।













Click it and Unblock the Notifications