कैरम खेल रहे बच्चों पर दीवार गिरी, चार की मौत

पुलिस के मुताबिक , छतरपुर एक्सटेंशन की सुमन कालोनी में प्लॉट संख्या डी 27 पर निर्माण कार्य चल रहा था। मकान की चौथी मंजिल पर दीवार खड़ी की जा रही थी। करीब 12 बजे दस फीट चौड़ी और पांच फीट ऊंची एक दीवार अचानक पीछे की ओर गिर गई। चार बच्चे दीवार के पास ही आंगन में कैरम खेल रहे थे। दीवार चारों बच्चों पर आ गिरी। दीवार गिरने की आवाज सुनकर सभी बाहर निकले और वहां का दृश्य देखकर दंग रह गए। चारों बच्चे मलबे के नीचे दबे थे। दमकल विभाग और पुलिस ने चारों बच्चों को बाहर निकालकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया।
यहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया। महरौली पुलिस ने इस बाबत मकान मालिक प्रापर्टी डीलर बलदेव सिंह और बिल्डर संदीप सैनी के खिलाफ धारा 288 यानी मकान बनाने के काम में लापरवाही और 304 गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए बिल्डर संदीप सैनी और उसके सहयोगी सलीम को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पुलिस का कहना है कि इस इलाके की जमीन को एक समुदाय के लोगों को मुआवजे के तौर पर दिया गया था। लेकिन धीरे-धीरे सभी ने अपनी जमीनें बेच दीं। प्रॉपर्टी डीलरों ने जमीनें खरीदकर फ्लैट बनाकर बेचना शुरू कर दिया। मकान मालिक बलदेव सिंह भी प्रॉपर्टी डीलर हैं। वह भी मकान में कई फ्लैटों का निर्माण करवा रहा था। पूरे मकान में करीब 12 फ्लैट बनाए जा जा रहे थे। दो सौ गज के प्लॉट के पीछे बलदेव सिंह ने करीब 11 कमरे बना रखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications