सरकारी बंदिश और विरोध के बावजूद कानपुर में राहुल का रोड शो
उल्लेखनीय है कि लोगों की सहूलियत और राहुल की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने राहुल को 20 किलोमीटर का रोड शो करने की इजाजत दी थी लेकिन राहुल का रोड शो निकला पूरे 40 किलोमीटर के सफर पर। प्रशासन की अनुमति के उलट रोड शो की शुरुआत की गई अहिरवा एयरपोर्ट से। जिला प्रशासन राहुल से नियमों का पालन करने की मनुहार करता रहा लेकिन आखिरकार हुआ वही जो राहुल चाहते थे। राहुल ने कानपुर के बीच से अपना रोड शो निकाला और जगह-जगह लोगों से मुलाकात भी की। कांग्रेस का दावा है कि राहुल ने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया।
इस बीच राहुल का काफिला जब बाबूपुरवां इलाके में पहुंचा तो यहां उलेमा काउंसिल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। पुलिस ने विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं को हालांकि खदेड़ कर रोड शो का रास्ता साफ कर दिया। रोड शो के दौरान तमाम वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और बड़ी तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता राहुल के काफिले में नजर आए। रोड शो के बाद राहुल गांधी ने रैली कर कानपुर की सात सीटों के लिए लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा। राहुल ने कहा कि आम आदमी के लिए आने वाला पैसा लखनऊ में घूमने वाले दलाल उड़ा रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications