चोर ने लिखा खत कहा गौशालाएं बनाओ लूटूंगा बैंक

आपका शुभचिंतक किंग चोर। यह कोई हास्य उपन्यास की पंक्तियां नहीं बल्कि एक चोक द्वारा चोरी करने के बाद लिखे गए खत के शब्द हैं। चोरी करने की यह वजह भी लोगों को अचरज में डाल रही है साथ ही पुलिस के लिए एक नया सिर दर्द भी बन सकती है। क्योंकि अभी तक इस प्रकार की चोरी की वारदात सामने नहीं आई जिसमें कोई गौभक्त बनकर सरकारी कार्यालय में चोरी कर गया हो।
एक चोर ने बेशक सरकारी विभाग में सेंध लगाकर महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित बेशकिमती सामान चुरा लिया है मगर इस अदभुत चोर ने अपनी इस वारदात को अंजाम देने से पूर्व जो पत्र लिखा है बेहद चौंका देने वाला है। इस पत्र के जरिए जहां इस चोर ने खुद को किंग बताते हुए शहर में आवारा पशुओं की दयनीय स्थिति पर चिंता जाहिर की है वहीं यह साफ ऐलान भी किया है कि यदि हालात में सुधार न हुआ तो मजबूरन उसे बैंक में भी डाका डालना पड़ेगा। इस पत्र को लेकर पुलिस महकमा भी हैरान है क्योंकि अब तक ऐसा मामला नहीं आया।
इस चोर ने सामान्य अस्पताल के साथ सटे खाद्य आपूर्ति विभाग की शाखा में सेंध लगा दी। शातिर चोर ने पहले यहां बाहर जल रही एक सीएफएल की बत्ती गुल की उसके बाद इतमिनान से उसने अंदर घुसकर तीन एलसीडी व दो लैपटाप सहित दो स्कैन मशीनें भी चुरा ली। लैपटॉप में 31 गांवों का राशन कार्ड सहित दो स्मार्ट कार्ड संबंधी महत्वपूर्ण डाटा सेव था।
सुबह नजदीकी गोदाम से चौकीदार ने विभाग के गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो गोदाम के संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। ऑपरेटर रवि ने आकर देखा तो सारा सामान कार्यालय से गायब था। उसने चोरी की सूचना पुलिस व विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की टीम फिंगर प्रिंट लेकर जांच में जुटी थी तभी चोर का लिखा हुआ खत बरामद हुआ। पुलिस ने खत को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल का कहना है कि पुलिस के पास आजतक ऐसा मामला नहीं आया जिसमें चोर द्वारा ऐसा खत लिखा हो।












Click it and Unblock the Notifications