बातों पर भरोसा मत करिए, काम करने का मौका दीजिए: राहुल

प्रदेश के पिछड़ेपन और आम आदमी की समस्याओं के लिए नेताओं और जनता के बीच की दूरी को एक बड़ा कारण बताते हुए, राहुल ने कहा, बुंदेलखंड में सूखा पड़ा तो मुलायम सिंह यादव और मायावती वहां नही गये। मैं बताता हूं कि अमेरिका, इंग्लैड में पढ़ाई करके मैंने जितना सीखा, पिछले सात साल में आप लोगों के बीच आकर उससे ज्यादा सीखा है। जनता के साथ सीधा संवाद कायम करने के अंदाज में राहुल ने कहा, वर्ष 2004 में जब आपने हमे जिता दिया तो वे हैरान रह गये।
कांग्रेस महासचिव ने केन्द्र की वर्ष 2004 की तत्कालीन भाजपा नीत राजग सरकार के इंडिया शाइनिंग के नारे की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि भाजपा ने यह नारा चमकीले सूट के एक विज्ञापन से उठाया था, उसके नेता गांव और गरीब के घर नहीं गये, जबकि हमने आपके बीच आकर आपकी समस्याएं सुनी और समझी। राहुल ने कहा कि जब दिल्ली में हमारी सरकार बनी तो हमने गांव में प्रति परिवार को 120 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कम से कम 100 दिन का निश्चित रोजगार देने के लिए मनरेगा योजना चलाई।
उन्होंने वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में किसानों के 60 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर देने और कुछ महीनों पहले प्रदेश के बुनकरों के लिए घोषित 3000 करोड़ रुपये के केन्द्रीय सहायता पैकेज का उल्लेख करते हुए कहा, हमने यह जो भी किया आपसे बात करके, आपकी सलाह और सुझाव पर किया। कांग्रेस महासचिव ने पिछले लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव और पूर्व भाजपा नेता कल्याण सिंह की दोस्ती का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि हमने कभी कल्याण सिंह जैसे लोगों को साथ नहीं लिया बल्कि अकेले मैदान में खड़े रहे।
जनसभा में आये लोगों से यह पूछते हुए कि आप में से किसके किसके पास मोबाइल फोन है, राहुल ने कहा, आज जो मोबाइल फोन आपके हाथ में है इसका सपना 1985 में राजीव जी देखा था ,तब मैं 12 साल का था। अपना यह दावा दोहराते हुए कि प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आयी तो पांच साल में बदलाव शुरु हो जायेगा, राहुल ने कहा कि प्रगति के लिए भविष्य के बारे में सोचना जरुरी है, मगर गैर कांग्रेसी दलो के नेता केवल आज की और लूटपाट की सोचते हैं। राहुल ने प्रदेश की जनता को अपनी ताकत पहचानने और अपने बच्चों के भविष्य के लिए सपने देखने का आवान करते हुए दावा किया कि कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका मिला तो हमने जो वादा किया है, करके दिखायेंगे। उन्होंने कहा, हमारी बातों पर भरोसा मत करिए, हमे काम करने का मौका दीजिए और हमारे काम पर भरोसा कीजिए।












Click it and Unblock the Notifications