वृंदावन की विधवाओं का हाल जाना ओपरा विनफ्रे ने

उनकी यात्रा में वृंदावन का कार्यक्रम नहीं था। लेकिन विधवाओं का हाल जानकर उन्होंने वहां जाने का फैसला किया। सुबह नौ बजे लगभग 12-13 गाड़ियों के काफिले के साथ अमेरिकन टॉक शो की मशहूर एंकर ओपरा अचानक भजनाश्रम पहुंचीं। उनके साथ इंडियन फिल्म सर्विस के लोग और विदेशी कैमरामैन भी थे। वहां उन्होंने भजन कीर्तन करती महिलाओं को देखा।
साथ ही उन्हें कैमरे में कैद भी किया। कोलकाता निवासी माया देवी, सविता देवी से उन्होंने सवाल किया, लेकिन अंग्रेजी न समझने के कारण ओपरा के साथ चल रहे भारतीय लोगों ने हिंदी अनुवाद किया। ओपरा ने पूछा कितने समय से रह रही हो, महिलाओं ने उत्तर दिया कि वर्षों बीत गए। पति की मृत्यु के बाद वृंदावन चली आईं और ठाकुर जी का नाम लेकर जीवन बिता रही हैं ओपरा ने भजनाश्रम संचालकों से महिलाओं के खाने, कपड़ों की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने गिल्ड आफ सर्विस द्वारा संचालित मां धाम जाकर वृद्ध महिलाओं के प्रतिदिन के क्रियाकलापों पर गौर किया। उन्होंने हावड़ा निवासी 73 वर्षीय वीना मां, इलाहाबाद की शांति यादव, अलवर राजस्थान की प्रेमवती देवी से भी कुछ समय तक बात की। हालांकि इस दौरान उनके बाडी गार्ड ने पत्रकारों के साथ बदसलूकी की।
पुलिस ने तीन बाडी गार्डों को पकड़ लिया लेकिन पत्रकारों से माफी मांगने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की पत्नी चेरी ब्लेयर के वृंदावन में रह रही विधवा और निराश्रित महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखा चुकी हैं। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जिला विधिक प्राधिकरण ने वृंदावन में रह रही विधवा महिलाओं का हालचाल लिया था। अपनी रिपोर्ट में इन महिलाओं की दुर्दशा होना बताया गया है।
वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि ओपरा इन महिलाओं पर एक डॉक्यूमेंट्री बना रही हैं। दुनिया में अपने टॉक शो ‘द ओपरा विन्फ्रे शो’ से मशहूर ओपरा विन्फ्रे गुरुवार को प्यार की नगरी पहुंचीं। वह अपने वीकली शो ‘ओप्राज नेक्स्ट चैप्टर’ के लिए ताज महल की डॉक्यूमेंट्री बनाने आईं थीं। ओपरा यहां बिताए हर पल को अपने साथ संजोकर रखना चाहती थीं। शायद इसीलिए उन्होंने ताज की खूबसूरती को कैमरे में कैद करवाया। पूर्वी गेट से ताज में प्रवेश करने के बाद उनके कदम मुख्य द्वार पर रुक गए।
वह एकटक मुख्य द्वार और वहां से ताज के सौंदर्य को निहारती रहीं। उनके कदम आगे बढ़ने लगे और कैमरे में हर पल शूट होने लगा। उन्होंने कहा कि ताज बहुत खूबसूरत है। ताज के आगोश में आकर इंसान भावुक हो जाता है। विन्फ्रे ने ताज की नक्काशी की भी तारीफ की। साथ ही मुमताज, शाहजहां की मोहब्बत को बेमिसाल बताया।












Click it and Unblock the Notifications