हड़ताल तो खत्म, क्या पायलटों का मेडिकल चेकअप करेगा एयरइंडिया?
नयी दिलली। पहले 50 पायलटों के बीमार होने की खबर और फिर अचानक हड़ताल की घोषणा और इनके परिणामस्वरूप 52 उड़ानों का रद्द होना। यात्रियों को परेशानी देने के लिए काफी था। लेकिन यह परेशानी एयरइंडिया मैनेजमेंट से देखी नहीं गई और अंतत: पायलटों की मांगें मान ली गईं। हड़ताल तो खत्म हो गई, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि ड्यूटी पर लौटने वाले पायलटों का मेडिकल चेकप कराया जायेगा कि नहीं?
मार्च तक भुगतान के आश्वासन के बाद एयर इंडिया पायलटों ने अपना आंदोलन शनिवार शाम समाप्त कर दिया। एयर इंडिया के कुछ पायलटों के काम पर आने के बावजूद वेतन एवं भत्तों का भुगतान नहीं होने की वजह से विमान उड़ाने से मना करने के कारण कल 52 उड़ानें रद्द करनी पड़ी। इंडियन कमर्शियल पायलट एसोसियेसन (आईसीपीए) के अध्यक्ष एएस भिंडर ने बताया कि समस्या का निदान कर लिया गया है।
प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि बकाया वेतन एवं भत्तों का आंशिक भुगतान इस महीने की 20 तारीख तक और आंशिक भुगतान 20 फरवरी को होगा उसके बाद पूरे बकाये का भुगतान मार्च तक कर दिया जायेगा। आईसीपीए पूर्ववर्ती इंडियन एयरलाइंस के पायलटों का संगठन है। भिंडर ने कहा कि पायलट अपनी ड्यूटी जल्द शुरु कर देंगे। एयर इंडिया पायलटों का एक वर्ग कल मध्यरात्रि से वेतन नहीं काम नहीं आंदोलन पर चला गया था। इसकी वजह से कुल 52 उड़ानें रद्द हुईं।
एयरइंडिया के पायलटों की इस हड़ताल से सबसे ज्यादा प्रभावित दिल्ली और मुंबई के पैसेंजरों को हुई। क्योंकि 52 में से 44 उड़ानें इन्हीं दोनों शहरों की थीं। यात्रियों को जो परेशानी होनी थी हो गई, लेकिन अचानक बीमारी का सर्टिफिकेट लगाने वाले पायलटों का मेडिकल चेकअप किया जायेगा। यह सवाल काफी गंभीर है। यह इसलिए क्योंकि एक भी अनफिट पायलट अगर विमान को उड़ाने चल दिया, तो उसमें बैठे पैसेंजरों की जान जोखिम में पड़ सकती है। लिहाजा एयरइंडिया में बैठने जा रहे यात्रियों को मैनेजमेंट से इस बात की पुष्टि कर लेनी चाहिये, कि कल तक बीमार पायलट आज पूरी तरह स्वस्थ्य हैं भी या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications