राहुल की कर्मस्थली फूलपुर को कांग्रेसी प्रत्याशी नहीं!
फूलपुर। 14 नवंबर 2011 को फूलपुर से अपना चुनावी बिगुल फूंकने वाले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और उनकी पार्टी को ही अपनी इस सबसे महत्वपूर्ण सीट के लिए ही उम्मीदवार नहीं मिल रहा है। अपने परनाना नेहरू जी की कर्मस्थली फूलपुर के लिए कांग्रेस पार्टी को अभी तक कोई ऐसा उम्मीदवार नहीं मिला जिसे देखकर वो कह सके कि यह उम्मीदवार ही फूलपुर में कांग्रेस की साख बरकरार रखेगा। इतनी अहम सीट पर उम्मीदवार घोषित ना होने पर पार्टी की खासी जग हंसाई हो रही है।
कांग्रेस को अपनी पार्टी से कोई अच्छा उम्मीदवार ना मिलने की वजह से हो सकता है कि वो यह सीट अपने साथी पार्टियों को सौंप दे। लेकिन इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। लेकिन शायद इस सीट के लिए किसी के नाम की घोषणा ना होने की वजह सिर्फ इतनी है कि कांग्रेस इस सीट पर हर हालत में जीत हासिल करना चाहती है इसलिए वो नाम का फैसला लेने में समय लगा रही है।
ऐसा कहना हमारा नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का है। जबकि सपा पार्टी के एक खास नेता विक्रमजीत मौर्या हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं, ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं कि पार्टी उन्हीं को टिकट दे सकती है जिसके बारे में विधान मंडल के नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि अगर पार्टी ऐसा कोई फैसला लेती भी है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।













Click it and Unblock the Notifications