295 रुपये के लिए मशीनगन से कर दी फायरिंग

नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लुधियाना के धागा व्यवसायी नीरज सलूजा को जर्मनी जाना था और दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़नी थी। रात को वह ताज होटल में खाना खाने चले गए। जबकि उनका पीएसओ व पंजाब पुलिस का हवलदार अमरजीत सिंह (40) दो चालक रामकरण और भीम बहादुर के साथ सर्विस रोड, कौटिल्य मार्ग पर गुजरात भवन के सामने विपरीत दिशा में स्थित ढाबे पर फॉरचून गाड़ी से खाना खाने पहुंचे। यहां खाने का बिल 295 रुपये बना। ये तीनों पौन्ने ग्यारह बजे बिना बिल दिए जाने लगे। ढाबा मालिक अर्जुन प्रसाद गुप्ता ने पैसे मांगे तो अमरजीत सिंह बोलने लगा कि वह दिल्ली पुलिस का सिपाही है। अर्जुन ने कुछ पैसे कम देने को कहा तो अमरजीत बिगड़ गया। उसने मशीनगन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसने करीब पांच-छह राउंड गोली चलाई। हालांकि, पुलिस अधिकारी एक राउंड बता रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिल को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था। इस पर अमरजीत ने गोली चला दी थी। इसके बाद ये तीनों लोग भागकर ताज होटल चले गए। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने आधा घंटे में लोगों की सहायता से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मेडिकल जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने ढाबा मालिक अर्जुन गुप्ता की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications