मुन्ना बजरंगी पहुंचा कोर्ट, नामांकन के लिए मांगी अनुमति
मुन्ना बजरंगी यानी प्रेम प्रकाश सिंह को वर्ष 2009 में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ मकोका के तहत मामला चल रहा है, जिसमें विधायक मुख्तार अंसारी सहित अन्य लोग भी आरोपी हैं। अदालत के समक्ष दायर याचिका में मुन्ना ने कहा कि उसे उसके घर जौनपुर जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वह मड़ियाहू विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सके। उसने कहा है कि वह देश की सेवा करना चाहता है, इसलिए चुनाव लड़ने पर विचार कर रहा है। नामांकन के लिए 21 जनवरी को पुलिस कस्टडी में जौनपुर (यूपी) जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वह अपना नामाकन दाखिल कर सके। यूपी में 15 फरवरी को चुनाव होने हैं। उसने बताया कि 21 से 28 जनवरी के बीच नामांकन दाखिल किए जाने हैं।
21 जनवरी की तारीख इसलिए तय की है, ताकि उसके किसी मामले की सुनवाई प्रभावित न हो। याचिका में मुन्ना बजरंगी ने कहा है कि पुलिस को निर्देश दिया जाए कि 21 जनवरी को उसे जौनपुर स्थित चुनाव कार्यालय में लेकर जाया जाए, ताकि वह अपना नामाकन कर सके। अदालत ने इस अर्जी पर उन सभी अदालतों से जवाब मागा है, जिनमें मुन्ना के खिलाफ मामले लंबित हैं।
गौरतलब है कि भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की वर्ष 2005 में हुई हत्या के मामले में आरोपी मुन्ना बजरंगी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स की सहायता से अक्तूबर 2009 को मुंबई से गिरफ्तार किया था। उसे पिछले साल ही अलीगढ़ जेल से तिहाड़ जेल में स्थानांतरित किया गया था, क्योंकि वहां पर उसकी जान को खतरा था।













Click it and Unblock the Notifications