कयानी और पाशा की छुट्टी करने की तैयारी में जरदारी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ताकतवर सेना प्रमुख जनरल अश्फाक परवेज कियानी तथा आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शुजा पाशा को हटाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। सेना के कथित तौर पर सत्ता अपने कब्जे में लेने से संबंधित गोपनीय ज्ञापन (मेमोगेट) को लेकर सरकार और सेना में जारी गतिरोध के बीच मीडिया में यह रिपोर्ट आयी है।
समाचार पत्रा द न्यूज ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि सरकार कियानी तथा पाशा से नाखुश है और यह अब एक खुला राज है। कियानी को तीन साल को सेवा विस्तार दिया गया है। पाशा का कार्यकाल भी पिछले वर्ष एक साल के लिये बढ़ाया गया।
रिपोर्ट के अनुसार दोनों जनरलों को पिछले महीने नाटो के हवाई हमले के बाद अमेरिका के खिलाफ कड़ा रूख अपनाने को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिये जिम्मेदार माना जा रहा है। दोनों ने उस कथित गोपनीय दस्तावेज को भी लेकर भी सरकार के खिलाफ कड़ा रूख अपनाया है।
दस्तावेज में मई में पाकिस्तान में तख्ता पलट की आशंका जतायी गयी और अमेरिका से मदद मांगी गयी। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर मामले की उचित तरीके से जांच हुई तो मेमोगेट कांड सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी तथा कुछ शीर्ष नेताओं के लिये गंभीर संकट पैदा कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications