दिल्लीः आया रे आया बंटी चोर

पुलिस के सूत्र बता रहे हैं कि बंटी इस बार दक्षिण दिल्ली के ग्रीनपार्क में वारदात को अंजाम दिया है। वह न केवल कोठी के अंदर जा घुसा था बल्कि टेबल पर रखी कार की चाबी व दो मोबाइल फोन उठाने के बाद गैराज में खड़ी कार लेकर रफू चक्कर हो गया। कोठी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे ने इस पूरे मामले से पर्दा उठाया है।
सूत्रों ने बताया कि 5 दिसंबर की सुबह सी ब्लॉक ग्रीन पार्क में रहने वाले व्यवसायी सुबह सात बजे बेटे को घर के पास ही स्कूल बस के स्टॉपेज पर छोड़ने गए थे। घर में उनकी पत्नी शालिनी मल्होत्रा अकेली थी। तभी लाल रंग का स्वेटर पहने एक व्यक्ति उनकी कोठी में घुस आया और कमरे में रखी कार की चाबी व मोबाइल व अन्य सामान लेकर गैराज की तरफ जाने लगा था।
शालिनी ने माजरा भांप दौड़कर उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन लुटेरा कार से गेट को तोड़ते हुए कार लेकर फरार हो गया। केस दर्ज होने के बाद जब शुरू में उन्हें तस्वीर दिखाई गई तो उन्होंने मनोज बक्करवाला की पहचान की थी। किंतु कोठी के गेट के सामने सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को देखने पर सुपर चोर बंटी की तस्वीर आने से पुलिस के होश उड़ गए।
पुलिस जांच कर ही रही थी कि तीसरे दिन धौलाकुआं इलाके के एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने भी पुलिस के शक की पुष्टि कर दी। दरअसल कार लूटने के अगले दिन 6 दिसंबर की देर रात बंटी ने धौलाकुआं इलाके में एक पेट्रोल पंप पर उसी कार की टंकी फुल कराई थी औऱ बिना पैसे दिए ही वह भाग खड़ा हुआ था। उसने भी बंटी के शक्ल वाले व्यक्ति के बारे में बता रहा है।
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि व्यवसायी ने सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस को एक दर्जन तस्वीरें दिखाई तो उसने बंटी की पहचान की। गौरतलब है कि कुछ साल पूर्व ही दक्षिण जिला के स्पेशल स्टाफ ने बंटी को पकड़ा था। तब उसके घर से करोड़ों के कीमती सामान बरामद हुए थे। बंटी लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन है।
महंगे कपड़े, महंगी आयातित घड़ी, जूते इस्तेमाल करने, लग्जरी कार में घूमने, होटलों में खाना खाने, कई गर्लफ्रेंड रखना इसके शौक में शुमार है। चोरी की चिरपरिचित शैली को लेकर यह न केवल दिल्ली बल्कि देश में चर्चा में रहा। इन्हीं वजहों से इसके जीवन पर हिंदी फिल्म भी बनी।
इसके बाद दक्षिण जिला के तत्कालीन डीसीपी एचजीएस धालीवाल व इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बंटी को सुधारने के लिए काफी कोशिश की किंतु वह नहीं सुधरा। कुछ समय बाद उसे बिग बॉस सीजन-4 का ऑफर मिल गया। वहां भी आचरण ठीक नहीं रहने के कारण उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications