देश को बचाना है सशक्त लोकपाल बिल लाना है: टीम अन्ना

अन्ना हजारे से पहले उनके टीम के सदस्यों ने जन सभा को संबोधित करते हुए आम जनमानस से अपील की कि वो अन्ना के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। पूर्व महिला आईपीएस किरण बेदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि साथियों अगर सही में सशक्त लोकपाल बिल आता है तो देश में पहले से ज्यादा कॉलेज, बसें और अस्पताल होगें जिनसे आम जनमानस को राहत मिलेगी। किरण बेदी ने कहा कि सरकार ने हमसे धोखा किया है।
किरणबेदी ने आरोप लगाया कि सरकार ने अन्ना का अनशन तोड़वाने के लिए हमसे झूठ बोला। किरण बेदी ने कहा कि पीएम मनमोहन सिंह ने खुद अपने हस्ताक्षर युक्त खत में लिखा था कि वो लोकपाल बिल लाते समय अन्ना के जनलोकपाल बिल का ध्यान रखेंगे लेकिन जो सरकारी लोकपाल बिल लेकर आयी है उसमें एक भी बात अन्ना के बिल की नहीं है।
किरण बेदी के बाद अन्ना के सहयोगी मनीष सिसोदिया ने भी आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनता को इस बार चुप नहीं बैठना है। सरकार को दिखा देना है कि देश की मालिक आम जनता है सरकार नहीं। और वो जो चाहती है वो पूरा नहीं हो सकता है। इसलिए मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि आप इस लड़ाई को बंद मत होने दो। पिछले कई महीनों से आम जनता ने सड़कों पर उतर कर सरकार को यह जता दिया है कि अगर लोकपाल बिल नहीं आया तो यह सरकार के हित में नहीं होगा। इसलिए आप लोग इस आंदोलन को जारी रखिये।
वहीं जस्टिस संतोष हेगड़े ने भी आम जनता से अपील की लोग को सशक्त लोकपाल लाने के लिए सहयोग करना पड़ेगा। क्योंकि यह जनलोकपाल बिल आम जनता के लिए ही है। संतोष हेगड़े ने कहा कि लोकपाल में सिटीजन चार्टर, सीबीआई और पीएम को दायरे में आना ही चाहिए। अगर यह लोकपाल में नहीं आते हैं तो ऐसे लोकपाल का कोई फायदा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications