टीवी चैनल पत्रकार को चूना लगा गई पत्नी

दूल्हे मियां को पत्नी के फरार होने के बाद पता चला कि उनकी पत्नी पहले से शादीशुदा है और उसका पहला पति कोई और नहीं, बल्कि पानीपत का नामी बदमाश है। अब बदमाश पुलिस से शिकायत करने पर दूल्हे के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने मामले की सूचना भजनपुरा थाने में की है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
मामला यमुना विहार का है। मोहन (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ यहां रहते हैं और एक निजी चैनल में नौकरी करते हैं। मोहन की शादी पानीपत निवासी रीना से छह नवंबर, 2011 को हुई थी। शादी से पहले रीना की मां शीला ने मोहन के परिजनों को बताया था कि उसके चार बेटे अलग-अलग विभागों में अच्छी पोस्ट पर हैं। शादी के तीन दिन बाद मोहन किसी रस्म के लिए अपने ससुराल पहुंचा। इसी दौरान ससुराल में पुलिस की रेड पड़ गई। पुलिस मोहन को भी साथ ले गई। थाने जाकर उन्हें पता चला कि उनके चारों साले घोषित बदमाश हैं।
मोहन को अपने साथ हुए धोखे का अंदाजा हुआ। किसी प्रकार वह अपने चैनल का आई कार्ड दिखाकर छूटे। घर लौटकर उन्होंने अपने परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों ने शीला से बात की तो उसने 15 नवंबर को दिल्ली आकर बात करने को कहा। इस बीच मोहन न ने परिजनों से पत्नी रीना पर नजर रखने के लिए कहा। 15 नवंबर को मोहन की मां नहाने गई थी, घर के बाकी सदस्य बाहर थे, तभी रीना घर से 65 हजार रुपये कैश और करीब छह लाख रुपये के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गई। पता चलने पर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
इसी शाम के समय मोहन के मोबाइल पर पानीपत से किसी विजय उर्फ बैंगन नामक शख्स का फोन आया। उसने बताया कि वह रीना का पहला पति है और पानीपत का बदमाश है। उसने बताया कि रीना के बारे में किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। जांच के बाद मोहन को पता चला कि रीना का परिवार अपने घर की लड़कियों की इसी तरह शादियां कराकर माल उड़ाता है। मोहन ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।












Click it and Unblock the Notifications